शिवराज का किसानों को संदेश, प्राकृतिक खेती से बढ़ेगा मुनाफा.. पशुपालन से खुलेंगे रोजगार के रास्ते – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों से खेती के साथ पशुपालन अपनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की है. शनिवार को मथुरा के गौ ग्राम परखम स्थित गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि छोटे किसानों को लाभकारी खेती से जोड़ना और गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है. इस दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गोबर, गोमूत्र, छाछ, गुड़ और मिट्टी जैसी चीजों की जरूरत होती है. उनके मुताबिक, प्राकृतिक खेती गाय के बिना संभव नहीं है. इसलिए किसानों को अपने घरों में गाय पालनी चाहिए और खेती के कुछ हिस्से में प्राकृतिक खेती की शुरुआत करनी चाहिए. चौहान ने दावा किया कि सही तरीके से प्राकृतिक खेती करने पर उत्पादन कम नहीं होगा, बल्कि किसानों का मुनाफा बढ़ सकता है. उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के इस्तेमाल से मुक्त खेती को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी खेती को टिकाऊ बनाया जा सके.

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गांवों को गरीबी से मुक्त बनाने के लिए खेती और पशुपालन को मजबूत करना जरूरी है. इसके लिए ऐसे परिवारों को भी खेती, पशुपालन और ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों में शामिल करना होगा, जिनके पास आजीविका का कोई साधन नहीं है. उन्होंने कहा कि कामधेनु गौशाला जैसे प्रयास ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आमदनी के नए अवसर देने में मददगार साबित हो सकते हैं. उन्होंने गौशाला समिति के काम की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को बधाई दी.

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्री के रूप में गांवों को गरीबी से मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले कुछ वर्षों में देश के 50 करोड़ लोग गरीबी रेखा  से बाहर आए हैं. अब गरीबी में रह रहे बाकी 2.7 फीसदी लोगों को भी इससे बाहर निकालने का लक्ष्य है. इसके लिए हर परिवार को खेती, पशुपालन और रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है.

शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पंचगव्य में दूध, घी, दही, गोबर और गोमूत्र शामिल हैं. प्रयोगशाला में इन उत्पादों के गुणों  और लाभों पर अध्ययन किया जाएगा. इसके अलावा, गायों के लिए वनस्पतियों से सुपरफूड तैयार करने पर भी काम होगा. इसे खिलाने से गायों के स्वास्थ्य में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि गाय स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगी, तो उनसे मिलने वाले उत्पादों की गुणवत्ता भी बेहतर होगी. चौहान ने गौशाला समिति के प्रयासों की सराहना की और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

Share This Article