पॉलीहाउस में 30 हजार गुलाब के पौधे उगाए, रायपुर से पुणे के बाजारों तक पहुंची फूलों की खुशबू – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ के युवा किसान ने अपनी मां के साथ मिलकर फूलों की खेती में नई सफलता हासिल कर मिसाल पेश की है. पहले पारंपरिक खेती करने वाले युवा किसान तुषार बुद्धन की मां ने बागवानी योजना का लाभ पाकर आधुनिक तरीके से गुलाब फूलों की खेती शुरू की है. वह अपनी मांग के साथ मिलकर पॉलीहाउस में आधुनिक पद्धति से फूल उगा रहे हैं. उनके फूल रायपुर से लेकर पुणे तक के बाजारों में बिक रहे हैं और खुशबू फैला रहे हैं.

छत्तीसगढ़ सरकार ने बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत अनुदान देने की शुरुआत की है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राज्य में मेडिसनल प्लांट, फ्रूट और फ्लॉवर की खेती के लिए राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से योजनाएं संचालित कर रही है. इनका लाभ किसानों को उद्यानिकी विभाग के जरिए पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने किसानों से योजना का लाभ लेकर अनुशंसित खेती करने की अपील की है.

उद्यानिकी विभाग के अनुसार राजनांदगांव जिले के ग्राम भदेरा नवागांव की लता बुद्धन ने राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत 16.88 लाख रुपये के अनुदान से 4,000 वर्गमीटर में पॉलीहाउस तैयार किया है. यहां 30 हजार से अधिक पौधों से गुलाब की खास किस्म डच रोज की उन्नत तरीके से खेती की जा रही है. यहां उगाए जा रहे पौधों को रायपुर, भिलाई, दुर्ग से लेकर नागपुर और पुणे तक के बाजारों में बेचा जा रहा है.

महिला किसान लता बुद्धन के बेटे तुषार बुद्धन भी फूलों की खेती में लगे हुए हैं. वह बताते हैं कि कम पानी और खाद से उनकी मां बेहतर गुणवत्ता वाले फूलों का उत्पादन कर रही हैं. तुषार बुद्धन के मुताबिक, उनकी मां लता बुद्धन पॉलीहाउस में कम पानी और खाद का इस्तेमाल करके बेहतर गुणवत्ता वाले गुलाब पैदा कर रही हैं. वैज्ञानिक पद्धति से डच रोज की उन्नत किस्मों की खेती की जा रही है. उनके पॉलीहाउस में 30 हजार से अधिक पौधे हैं और गुलाब की फसल करीब 4 साल तक चलती है.

विभाग ने कहा कि कई अन्य किसानों को भी योजना का लाभ देकर उन्नत तरीके से कमाई वाली खेती के लिए प्रेरित किया गया है. सरकार का जोर आधुनिक कृषि तकनीक, संरक्षित खेती और सरकारी योजनाओं के जरिए किसानों को आत्मनिर्भर बनाने पर है. राष्ट्रीय बागवानी मिशन के तहत पॉलीहाउस जैसी सुविधाओं के लिए आर्थिक और तकनीकी सहायता दी जाती है, ताकि किसान फूलों और दूसरी अधिक मूल्य वाली फसलों का उत्पादन कर सकें.

छत्तीसगढ़ सरकार फूलों की खेती पर लाखों का अनुदान दे रही है.

योजना का लाभ लेने के लिए किसान अपने जिले के उद्यानिकी विभाग से संपर्क कर सकते हैं. छत्तीसगढ़ में उद्यानिकी योजनाओं के लिए एकीकृत किसान पोर्टल और राष्ट्रीय बागवानी मिशन के MIDH पोर्टल पर पंजीयन की व्यवस्था है. किसान आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर, बैंक खाते का विवरण और जमीन के दस्तावेज तैयार रखें. इसके बाद जिला उद्यानिकी कार्यालय से पॉलीहाउस निर्माण, पात्रता, स्वीकृत लागत और अनुदान की जानकारी लेकर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.

Share This Article