एग्रीवेट: Sirsa Paddy Procurement: हरियाणा में सरकारी धान खरीद के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. यहां कुछ लोगों ने दूसरे किसानों की जमीन को अपने नाम दिखाकर सरकारी पोर्टल पर धान की फसल का रजिस्ट्रेशन करा लिया. इसके बाद सरकारी खरीद केंद्रों पर धान बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का फायदा भी उठा लिया.
आपको बता दें कि, मामला सिरसा जिले का है, जहां मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की जांच के बाद 48 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि, इस पूरे खेल के जरिए करीब 6 करोड़ 58 लाख रुपये से ज्यादा का अनुचित भुगतान लिया गया. अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट
यह मामला खरीफ सीजन 2025 का है. आरोप है कि, कुछ लोगों ने ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर दूसरे किसानों की जमीन अपने नाम दर्ज करवा दी. इसके बाद उस जमीन पर धान की फसल दिखाकर सरकारी खरीद के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया. मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हिसार की टीम ने कृषि विभाग से मिले रिकॉर्ड की जांच की तो कई गड़बड़ियां सामने आईं. पोर्टल पर जिन खेतों में धान की फसल दिखाई गई थी, पटवारी की गिरदावरी रिपोर्ट में वहां दूसरी फसल दर्ज थी. कुछ खेतों में कपास, ग्वार, बाजरा और मूंग की खेती मिली, जबकि कुछ जमीन खाली पड़ी थी.
जांच के दौरान संबंधित जमीन मालिकों और खेतों में खेती करने वाले किसानों के बयान भी लिए गए. उन्होंने साफ कहा कि, उन्होंने अपनी जमीन पर किसी दूसरे व्यक्ति के नाम से धान का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया था. शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने आढ़तियों के जरिए खरीद का टोकन लिया और सरकारी खरीद एजेंसियों को धान बेच दिया. इस तरह बिना सही जमीन और फसल का रिकॉर्ड दिखाए सरकारी खरीद का फायदा उठाने का आरोप है.
इस मामले में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड और मार्केट कमेटी के कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत का आरोप भी लगाया गया है. शिकायत में कहा गया है कि इस पूरे मामले में करीब 6 करोड़ 58 लाख 11 हजार रुपये का अनुचित भुगतान लिया गया. मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की जांच के आधार पर सिरसा के बड़ागुढ़ा थाने में 48 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में आरोपित लोगों के अलावा और कौन-कौन शामिल हो सकता है.