एग्रीवेट: Wheat Farming: रबी सीजन में गेहूं और जौ की अच्छी पैदावार पाने के लिए किसानों को बुवाई के समय, बीज की मात्रा और खाद के इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. इसी को लेकर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान, करनाल ने 2026 के लिए एडवाइजरी जारी की है. इसमें देश के अलग-अलग कृषि जलवायु क्षेत्रों के किसानों को फसल की किस्मों, बुवाई के समय, बीज दर, उर्वरक और खरपतवार नियंत्रण को लेकर सलाह दी गई है. एडवाइजरी के मुताबिक, सही क्षेत्र के लिए उपयुक्त किस्म का चयन और समय पर बुवाई करने से फसल की अच्छी स्थापना और बेहतर पैदावार में मदद मिल सकती है.
ICAR ने अलग-अलग क्षेत्रों के लिए गेहूं की किस्मों की सूची जारी की है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान का उत्तरी हिस्सा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश शामिल हैं. यहां समय पर सिंचाई वाली बुवाई के लिए DBW 187, DBW 303, HD 3471, DBW 222 और WH 1105 जैसी किस्में बताई गई हैं. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और झारखंड के किसानों के लिए DBW 187, PBW 826, HD 3411, DBW 222 और HD 3086 जैसी किस्मों की सिफारिश की गई है. मध्य क्षेत्र में मध्य प्रदेश, गुजरात और दक्षिणी राजस्थान के लिए DBW 187, HI 1636, HI 1669 MACS और GW 366 जैसी किस्में शामिल हैं. किसानों को अपने क्षेत्र और बुवाई की स्थिति के अनुसार ही किस्म का चुनाव करना चाहिए.
2 रुपये का फ्रूट ट्रैप बैग बना किसानों का नया हथियार, कीड़े दूर रहेंगे और फल मिलेगा बेहतर – एग्रीवेट
एडवाइजरी के अनुसार, सिंचित परिस्थितियों में समय पर गेहूं की बुवाई के लिए प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम बीज की जरूरत होती है. उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी मैदानी क्षेत्रों के लिए प्रति हेक्टेयर 150:60:40 किलोग्राम NPK की मात्रा निर्धारित की गई है. वहीं, मध्य और प्रायद्वीपीय क्षेत्रों के लिए 120:60:40 किलोग्राम NPK प्रति हेक्टेयर की सिफारिश की गई है. खाद डालने के तरीके को लेकर भी सलाह दी गई है. बुवाई के समय एक तिहाई नाइट्रोजन और पूरी फॉस्फोरस-पोटाश की मात्रा डालें. बची हुई नाइट्रोजन को पहली और दूसरी सिंचाई के समय दो बराबर हिस्सों में दें. यूरिया का इस्तेमाल सिंचाई से ठीक पहले करने की सलाह दी गई है.
गेहूं की फसल में खरपतवार उत्पादन को प्रभावित कर सकते हैं. इसके नियंत्रण के लिए ICAR ने Pyroxasulfone 85 WG की 60 ग्राम मात्रा प्रति एकड़ इस्तेमाल करने की सलाह दी है. इसके अलावा Pendimethalin 30 EC की 2 लीटर मात्रा प्रति एकड़ या Aclonifen, Diflufenican और Pyroxasulfone के तैयार मिश्रण का 800 मिलीलीटर प्रति एकड़ इस्तेमाल किया जा सकता है. इनका छिड़काव बुवाई के 0 से 3 दिन के भीतर 150 से 200 लीटर पानी में मिलाकर करने की सलाह दी गई है. किसानों को छिड़काव के समय मौसम साफ रखने का ध्यान देना चाहिए. बारिश, कोहरा या ओस की स्थिति में छिड़काव नहीं करना चाहिए.
ICAR की एडवाइजरी में जौ की खेती करने वाले किसानों के लिए भी अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से किस्मों की जानकारी दी गई है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्र में सिंचित समय पर बुवाई के लिए DWRB137 और BH946 जैसी चारा जौ की किस्में बताई गई हैं. वहीं, माल्ट जौ के लिए DWRB219, DWRB852 और RD2849 जैसी किस्में शामिल हैं. जौ की सिंचित समय पर बुवाई के लिए प्रति हेक्टेयर 100 किलोग्राम बीज की जरूरत बताई गई है. चारा और बिना छिलके वाली जौ के लिए 60:30:20 किलोग्राम NPK प्रति हेक्टेयर और माल्ट जौ के लिए 90:30:20 किलोग्राम NPK प्रति हेक्टेयर की सिफारिश की गई है. इसके अलावा, जौ के बीज को दीमक और अन्य बीमारियों से बचाने के लिए बीज उपचार की सलाह भी दी गई है. किसानों को अपने क्षेत्र के अनुसार किस्म का चुनाव करके वैज्ञानिक तरीके से खेती करने की सलाह दी गई है.