पराली जलाने वाले 25 किसानों पर कार्रवाई.. सरकारी योजनाओं से नाम कटेगा, 19 हार्वेस्टर जब्त—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: प्रतिबंध और सख्ती के बाद भी नरवाई या पराली जलाने के मामले मध्य प्रदेश में रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं. अब मंडला जिले में एक सप्ताह में 34 से ज्यादा घटनाएं सामने आई हैं. जांच में दोषी पाए गए 25 किसानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही इन किसानों के नाम सरकारी योजनाओं के लाभार्थी सूची से भी हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है. जबकि, स्थानीय पुलिस प्रशासन को एफआईआर दर्ज करने को कहा गया है. वहीं, बिना स्ट्रॉ मैनेजमेंट के चलाए जा रहे 19 हार्वेस्टर को जब्त करने के साथ उनके संचालकों पर एफआईआर दर्ज की गई है.

मंडला जिला प्रशासन की ओर से बताया गया है कि तमाम कोशिशों और जागरूकता अभियान के बाद भी कुछ किसान पराली जला रहे हैं. ऐसे मामलों में कार्रवाई की जा रही है. इसके तहत जिले में नरवाई एवं पराली जलाने की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में 18 नवंबर को नैनपुर विकासखंड के ग्राम समनापुर, गोकुलथाना, सांगवा एवं अलीपुर में पराली जलाने वाले कृषकों के खेतों का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया तथा संबंधित कृषकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी नैनपुर को प्रकरण दर्ज किए गए.

जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा अनुविभागीय कृषि अधिकारी नैनपुर एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में कृषि, राजस्व एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग के संयुक्त दल द्वारा मौके पर पहुंचकर खेतों में लगी आग को हरे पत्तों की सहायता से बुझाया गया. साथ ही उपस्थित कृषकों को पराली प्रबंधन के वैकल्पिक उपायों की जानकारी देते हुए नरवाई जलाने से होने वाले दुष्परिणामों के संबंध में समझाइश दी गई.

कलेक्टर के निर्देश पर स्थानीय पुलिस के जरिए दोषी किसानों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है और पर्यावरण नुकसान की भरपाई के लिए जुर्माना वसूली के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही राजस्व और कृषि विभाग के अधिकारियों पर सख्ती बढ़ाने के साथ ही सरकारी योजनाओं से ऐसे किसानों के नाम हटवाने की प्रक्रिया शुरू कराने को कहा गया है. इसको लेकर किसानों को चेतावनी जारी की गई है.

मंडला जिले में अब तक नरवाई जलाने की कुल 34 घटनाएं सामने आई हैं. इनमें से 25 मामलों में कार्रवाई करते हुए पंचनामा तैयार किए गए हैं. इसके अतिरिक्त 19 हार्वेस्टर संचालकों पर के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं तथा 4 मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की गई है. इसके साथ ही हार्वेस्टर जब्त भी किए गए हैं. जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की गई है कि फसल अवशेषों को खेतों में न जलाएं तथा पर्यावरण एवं भूमि की उर्वरता संरक्षण के लिए पराली प्रबंधन के निर्धारित उपाय अपनाएं.

Share This Article