एग्रीवेट: दक्षिण भारत के कई राज्यों में गुरुवार यानी 5 नवंबर को बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. गंभीर चक्रवाती तूफान मुरासु का असर अब भी इस क्षेत्र के मौसम पर दिखाई दे रहा है. इसके चलते कई इलाकों में बारिश हो सकती है.भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं. दूसरी ओर, दिल्ली-NCR में आसमान साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि, सुबह के समय हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है. तापमान में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है और मौसम सामान्य बना रहेगा.
आंध्र प्रदेश के तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान मुरासु अब और कमजोर होकर डिप्रेशन में बदल गया है. फिलहाल यह पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ेगा और कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल जाएगा. हालांकि, इसका असर दक्षिण भारत के कई राज्यों में देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 5 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी बारिश होने की संभावना है.
सूखे से परेशान किसानों की मदद के लिए आगे आए महाराष्ट्र के मंत्री, दान किए 1 करोड़ रुपये—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है. वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. मध्य और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम का मिजाज बदल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 5 नवंबर को विदर्भ और छत्तीसगढ़ में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं, ओडिशा में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. हालांकि, उत्तर-पश्चिम, पश्चिम और पूर्वोत्तर भारत में इस पूरे सप्ताह मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इन क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने के आसार हैं.
दिल्ली में 5 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कोहरा छा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. बारिश नहीं होने और आसमान साफ रहने के कारण दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर बढ़ा रह सकता है. दिवाली नजदीक आने के साथ लोगों को खराब हवा से राहत मिलने की उम्मीद कम है.
हवा की बात करें तो सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दोपहर में इनकी गति बढ़कर 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. हालांकि, शाम होते-होते हवा की रफ्तार फिर कम हो जाएगी. राजधानी दिल्ली को प्रभावित करने वाला कोई बड़ा मौसमी सिस्टम सक्रिय नहीं है. ऐसे में गुरुवार को दिल्ली-NCR में मौसम सामान्य और स्थिर रहने की संभावना है.