एग्रीवेट: Gold Rate 2026: सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. कुछ समय पहले तक जहां सोना और चांदी नए रिकॉर्ड बना रहे थे, वहीं अब इनके दाम में गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है. ऐसे में छोटे निवेशकों, खासकर गांव और कस्बों में रहने वाले लोगों के मन में सवाल है कि, क्या अभी सोना खरीदना सही रहेगा या कीमतें और गिरने का इंतजार करना चाहिए?
धनतेरस और शादी का सीजन भी करीब है. ऐसे में सोने की कीमतों में आई गिरावट उन लोगों के लिए खरीदारी का अच्छा मौका बन सकती है, जिन्हें आने वाले दिनों में गहने खरीदने हैं. हालांकि, बाजार के जानकारों का कहना है कि, जल्दबाजी में पूरा पैसा लगाने के बजाय थोड़ा संभलकर निवेश करना बेहतर रहेगा.
धनतेरस पर योगी सरकार गन्ना किसानों को दे सकती है खुशखबरी, मूल्य 100 रुपये बढ़ाने की संभावना – एग्रीवेट
बीपीएन फिनकैप के सीईओ एके निगम के मुताबिक, सितंबर के ऊंचे स्तर से सोने की कीमत में करीब 7,300 रुपये तक की गिरावट आई है. वहीं, चांदी भी करीब 46 हजार रुपये तक सस्ती हुई है. इसके पीछे चार बड़ी वजहें हैं.
एके निगम का कहना है कि, सोने-चांदी के दाम गिरने से निवेशकों को घबराने की जरूरत नहीं है. धनतेरस और शादी का सीजन सामने है, ऐसे में जिन लोगों को आने वाले समय में सोना खरीदना ही है, वे इस गिरावट का फायदा उठा सकते हैं. खासकर गांवों और छोटे कस्बों में रहने वाले निवेशकों के लिए यह अच्छा मौका हो सकता है. हालांकि, बाजार में आगे क्या होगा, इसका सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है.
एके निगम छोटे निवेशकों को सलाह देते हैं कि, सोने और चांदी में निवेश करते समय अपना पूरा पैसा एक साथ न लगाएं. इसके बजाय दो से तीन किस्तों में खरीदारी करें. मान लीजिए, आपके पास सोना खरीदने के लिए 30 हजार रुपये हैं, तो पूरा पैसा एक ही दिन लगाने के बजाय इसे तीन हिस्सों में बांट सकते हैं. इससे अगर आने वाले दिनों में कीमतें और नीचे जाती हैं, तो बाकी पैसों से कम भाव पर खरीदारी का मौका मिलेगा.
गांव और कस्बों में रहने वाले छोटे निवेशकों के लिए यह सलाह इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि आने वाले समय में शादियों का सीजन शुरू होने वाला है. ऐसे में कई परिवारों को गहने खरीदने की जरूरत पड़ेगी. अगर आप भी शादी के लिए सोना खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो अभी से अपने बजट के हिसाब से खरीदारी की योजना बना सकते हैं. दाम में गिरावट का फायदा उठाएं, लेकिन बाजार के उतार-चढ़ाव को देखते हुए जल्दबाजी में बड़ा निवेश करने से बचें.