एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज का दिन भारतीय खेती और किसानों के लिए ऐतिहासिक है. उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक कृषि का सपना साकार हो रहा है और एक बड़ा संकल्प पूरा हुआ है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य विकसित भारत बनाना है. इसके लिए खेती को आधुनिक बनाना और किसानों की आय व समृद्धि बढ़ाना जरूरी है. शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, कृषि क्षेत्र को आगे बढ़ाने और किसानों को समृद्ध बनाने में आधुनिक तकनीक की अहम भूमिका है. कृषि मंत्री ने कहा कि तय समय से 5 महीने पहले ही 11 करोड़ फार्मर ID बन गए हैं.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर के किसानों के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. इन योजनाओं का लाभ सही किसान तक सही समय पर पहुंचना जरूरी है. इसी उद्देश्य से डिजिटल कृषि मिशन शुरू किया गया है. इसके तहत हर किसान की अलग पहचान बनाई जाएगी और उनकी फार्मर आईडी तैयार की जाएगी. इससे किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मार्च 2027 तक देश में 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य रखा था. उन्हें यह बताते हुए खुशी हुई कि यह लक्ष्य तय समय से 5 महीने पहले ही पूरा कर लिया गया है. 23 अक्टूबर की रात तक देश में 11 करोड़ फार्मर आईडी बन चुकी थीं.
आज का दिन भारतीय कृषि और किसानों के लिए ऐतिहासिक है। एक सपना साकार हुआ है, एक संकल्प पूरा हुआ है। आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी ने मार्च 2027 तक 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने का लक्ष्य तय किया था। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि तय समय से 5 महीने पहले ही 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने का काम पूरा हो गया है। 23 अक्टूबर की रात तक 11 करोड़ फार्मर आईडी बन गई हैं।
अब इन फार्मर आईडी के माध्यम से योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से मिलेगा। बैंक से ऋण लेना हो, फसल बीमा योजना का लाभ लेना हो, आपदा राहत की राशि प्राप्त करनी हो या अपनी फसल बेचनी हो, ऐसे कई कामों के लिए फार्मर आईडी पर्याप्त होगी। इससे सही किसान को ही लाभ मिलेगा और आधुनिक टेक्नोलॉजी का उपयोग किसानों की खेती को आसान और बेहतर बनाएगा।
मैं 11 करोड़ फार्मर आईडी बनाने की इस उपलब्धि के लिए केंद्र सरकार के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ-साथ राज्य सरकारों, केंद्र शासित प्रदेशों और जिला प्रशासन को बहुत-बहुत बधाई और धन्यवाद देता हूँ।