पंजाब में गुरुद्वारा बेर साहिब पहुंचे शिवराज, गुरु नानक देव जी की इन 3 सीखों का किया जिक्र – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Guru Nanak Jayanti 2026: गुरु नानक जयंती और प्रकाश पर्व के मौके पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब पहुंचे. यहां उन्होंने कपूरथला जिले के सुल्तानपुर लोधी स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में मत्था टेका. इस दौरान उन्होंने संगत के साथ बैठकर गुरुबाणी सुनी और गुरु घर की सेवा भी की. शिवराज सिंह चौहान ने देश में सुख-शांति और खुशहाली के लिए अरदास की. इस मौके पर उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि, उनके बताए रास्ते पर चलकर दुनिया की कई समस्याओं को दूर किया जा सकता है.

शिवराज सिंह चौहान ने गुरुद्वारा परिसर में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका. इसके बाद वह संगत के बीच बैठकर गुरुबाणी सुनते नजर आए. उन्होंने सिख परंपरा के अनुसार गुरु घर की सेवा में भी हिस्सा लिया. गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से उन्हें सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया.

दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उनकी काफी समय से सुल्तानपुर लोधी आने की इच्छा थी. आज गुरु नानक देव जी की इस पवित्र धरती पर आकर उन्हें बहुत खुशी हुई है. उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर बताया कि परमात्मा एक है और हम सभी उसी की संतान हैं.

शिवराज सिंह चौहान ने गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इनका मतलब है कि भगवान का नाम याद करें, ईमानदारी से मेहनत करके कमाई करें और जो कुछ हमारे पास है, उसे दूसरों के साथ मिल-बांटकर खाएं.

उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति सम्मान होना चाहिए. महिलाओं का सम्मान करना भी हर इंसान की जिम्मेदारी है. शिवराज ने लोगों से अपील की कि वे गुरु नानक देव जी की इन शिक्षाओं को सिर्फ सुनें नहीं, बल्कि अपने जीवन में भी अपनाएं.

पंजाब के सुल्तानपुर लोधी में स्थित गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सिख धर्म के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों में से एक है. यह गुरुद्वारा काली बेईं नदी के किनारे बना हुआ है. धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, गुरु नानक देव जी यहां एक बेरी के पेड़ के नीचे बैठकर ध्यान लगाया करते थे. कहा जाता है कि उन्होंने इस स्थान पर 14 साल, 9 महीने और 13 दिन बिताए थे. इसी जगह से उनके आध्यात्मिक जीवन की एक महत्वपूर्ण घटना जुड़ी हुई है. इस कारण सिख धर्म के अनुयायियों के लिए इस गुरुद्वारे का खास महत्व है.

Share This Article