एग्रीवेट: दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी के प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने के बावजूद प्रदर्शनकारी यहां पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके भी दिल्ली पहुंच गए हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया. बताया जा रहा है कि पुलिस उनकी लोकेशन पर पहले से नजर रख रही थी. पुलिसकर्मी उन्हें हिरासत में लेने के लिए विमान के अंदर पहुंच गए. इस दौरान अभिजीत दिपके के अलावा सौरव और आशुतोष को भी हिरासत में लिया गया. वहीं, प्रदर्शन को लेकर जंतर-मंतर पर पुलिस की कार्रवाई जारी है. अब तक करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है. इनमें ध्रुव राठी और सीजेपी की लीगल हेड रत्ना भी शामिल हैं.
वहीं, दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर कॉकरोच जनता पार्टी ने कड़ी आपत्ति जताई है. पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने विमान के दिल्ली में उतरते समय उसके अंदर पहुंचकर तीनों नेताओं को गिरफ्तार किया. CJP के प्रवक्ता के मुताबिक, पुलिस ने इन नेताओं को गिरफ्तार करने की योजना पहले से बना रखी थी. पार्टी का आरोप है कि प्रदर्शन को कमजोर करने के लिए उसके शीर्ष नेताओं को निशाना बनाया गया और उन्हें गिरफ्तार किया गया. CJP के प्रवक्ता के मुताबिक, पार्टी ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन का आह्वान किया था. इसके बावजूद पुलिस ने यह कार्रवाई की. पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की निंदा करते हुए तीनों नेताओं को बिना शर्त रिहा करने की मांग की है.
कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. दिल्ली मेट्रो के 45 स्टेशनों के कुछ गेट शुक्रवार से बंद हैं. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक, ये गेट शनिवार शाम 6 बजे तक बंद रहेंगे. CJP को प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने पर दिल्ली पुलिस ने एक दिन पहले अपना पक्ष रखा था. पुलिस के मुताबिक, CJP की ओर से 7 अक्टूबर को प्रदर्शन के लिए आवेदन दिया गया था, जबकि कार्यक्रम 10 अक्टूबर को होना था. ऐसे में आवेदन तय समयसीमा के भीतर नहीं दिया गया. पुलिस ने पहले हुए प्रदर्शनों के दौरान नियमों के कथित उल्लंघन को भी अनुमति नहीं देने की वजह बताया है. इसके अलावा, नई दिल्ली इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है. पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
दिल्ली में प्रदर्शन को देखते हुए मंडी हाउस गोल चक्कर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. यहां से जंतर-मंतर जाने वाली प्रमुख सड़कों और गलियों को बंद कर दिया गया है. केवल उन्हीं लोगों को आगे जाने की अनुमति दी जा रही है, जिनके पास वहां जाने की उचित वजह और वैध पहचान पत्र है. फिरोजशाह रोड, बाराखंबा रोड, कनॉट प्लेस और जंतर-मंतर की ओर जाने वाले दूसरे रास्तों पर भी आवाजाही रोक दी गई है. कनॉट प्लेस इलाके में डीसीपी सचिन शर्मा ने पुलिस बल के साथ मार्च किया.
जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए पहुंच रहे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है. संदिग्ध प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया जा रहा है. ITO और मंडी हाउस से सामने आए दृश्यों में पुलिस की सख्त जांच, बैरिकेडिंग और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने की कार्रवाई दिखाई दे रही है. वहीं, मध्य दिल्ली में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की सख्ती से जांच की जा रही है. जांच के बाद ही लोगों को आगे जाने दिया जा रहा है. सरकारी कर्मचारियों को भी प्रवेश के लिए अपना पहचान पत्र दिखाना पड़ रहा है. वहीं, ITO इलाके में कई जगह बैरिकेडिंग की गई है. इससे सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ रहा है।.