एग्रीवेट: पंजाब में धान की कटाई के बाद पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन और पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PPCB) की ओर से की गई कार्रवाई के बावजूद खेतों में आग लगाने के मामले सामने आए हैं. 25 नवंबर तक 7159 आग जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं. इसके लिए जिम्मेदार 2484 किसानों पर 1.24 करोड़ का जुर्माना लगाया गया और बड़ी मात्रा में रकम भी वसूल कर ली गई है. वहीं, इन किसानों के नाम रेड इंट्री रजिस्टर में भी दर्ज किए गए हैं.
पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से 25 नवंबर तक जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में पराली जलाने की कुल 7159 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें से 6924 स्थानों का फील्ड निरीक्षण किया गया, जबकि 2780 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई. आंकड़ों के अनुसार पराली जलाने के मामलों में 2484 किसानों पर पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है. इन पर कुल 1 करोड़ 24 लाख 95 हजार रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया, जबकि 45 लाख 20 हजार रुपए की वसूली की जा चुकी है.
Gold Rate: लगातार तीसरे दिन महंगा हुआ सोना, चांदी फिर फिसली.. जानें दिल्ली से लखनऊ तक के भाव – एग्रीवेट
इसके अलावा 2188 मामलों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 223 के तहत एफआईआर दर्ज की गई हैं. किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में 2,295 रेड एंट्री भी की गई हैं. पटियाला जिले में पराली जलाने की 445 घटनाएं दर्ज की गई हैं. इनमें से 441 स्थानों का निरीक्षण किया गया और 267 स्थानों पर फसल अवशेष जलाने की पुष्टि हुई. जिले में 234 मामलों में पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया. इसके तहत कुल 11 लाख 65 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया, जिसमें से 5 लाख 10 हजार रुपए की वसूली की गई है.
पटियाला जिले में पराली जलाने के मामलों में 265 एफआईआर दर्ज की गई हैं और 214 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में रेड एंट्री की गई है. जिले में 689 चेतावनी नोटिस भी जारी किए गए हैं. जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो फिरोजपुर में सबसे अधिक 918 पराली जलाने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। इसके बाद संगरूर में 810, तरनतारन में 711, बठिंडा में 650 और मोगा में 417 मामले सामने आए हैं.
रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में कुल 32.87096 लाख हेक्टेयर धान क्षेत्र में से 99.84 प्रतिशत क्षेत्र में कटाई पूरी हो चुकी थी. वहीं, राज्य स्तर पर कार्रवाई के तहत 41 मामलों में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया शुरू की गई है. हालांकि, रिपोर्ट में चालान जारी करने और अधिकारियों के निलंबन का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया है.