UP Election: 23 फसलों और दूध के लिए एमएसपी गांरटी देगी सपा, मेनीफेस्टो में कर्जमाफी का वादा – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: Samajwadi Party Mfesto: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है. पार्टी ने इसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रण-पत्र’ नाम दिया है. घोषणा पत्र में किसानों की कर्जमाफी, सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी, गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान और 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने जैसे वादे किए गए हैं. इसके अलावा महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की सहायता, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और जातिगत जनगणना कराने का भी वादा किया गया है. सपा ने अपने घोषणापत्र में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA वर्ग के साथ किसानों, महिलाओं और युवाओं को केंद्र में रखा है.

कृषि क्षेत्र को लेकर सपा ने किसानों की आमदनी  और फसलों के उचित दाम पर जोर दिया है. पार्टी ने सभी 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की गारंटी लागू करने का वादा किया है. आलू, टमाटर, प्याज समेत अन्य फसलों के दाम गिरने पर किसानों को राहत देने के लिए राज्य मूल्य क्षतिपूर्ति व्यवस्था बनाने की बात कही गई है. इसके साथ ही किसानों की कर्जमाफी की योजना तुरंत लागू करने और गन्ना किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया गया है. गांवों के विकास के लिए अलग फंड और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए न्यू विलेज क्लस्टर बनाने की योजना भी शामिल है.

रोजगार के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी ने 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने  का वादा किया है. इसके अलावा शहरों में रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए शहरी रोजगार गारंटी अधिनियम लाने की बात कही गई है. छात्रों के लिए लैपटॉप वितरण योजना दोबारा शुरू करने और सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का भी वादा किया गया है. पार्टी का कहना है कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए जाएंगे.

महिलाओं के लिए सपा ने स्त्री समृद्धि योजना  के तहत सालाना 40 हजार रुपये देने का वादा किया है. वहीं, सामाजिक न्याय और PDA समीकरण को मजबूत करने के लिए जातिगत जनगणना शुरू कराने की बात कही गई है. पार्टी के घोषणा पत्र में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं शामिल की गई हैं. इन वादों के जरिए सपा किसानों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक रूप से पिछड़े वर्गों तक अपना चुनावी संदेश पहुंचाने की कोशिश कर रही है.

Share This Article