कृषि कानूनों के विरोध में टूटा भाजपा-SAD गठबंधन फिर जुड़ा, किसान संगठनों, नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया – एग्रीवेट

Team Agrivate
11 Min Read

एग्रीवेट: शिरोमणि अकाली दल (बादल) और भाजपा ने 24 नवंबर 2026 को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए फिर से गठबंधन का ऐलान किया है. दोनों दल करीब छह साल बाद साथ आए हैं. सितंबर 2020 में अकाली दल ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा से 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था. अब दोनों के फिर साथ आने पर पंजाब की राजनीति में किसानों के आंदोलन और कृषि कानूनों का मुद्दा दोबारा चर्चा में है. ऐसे में पंजाब में किसानों को लेकर सियासत तेज हो गई है. इस गठबंधन को लेकर किसान संगठनों और विपक्षी दलों की तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं.

साल 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ किसान संगठनों ने आंदोलन किया था. देशभर में चल रहे प्रदर्शनों में बीजेपी शासित केंद्र सरकार का जमकर विरोध किया जा रहा था. पंजाब के पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मीडिया से कहा कि बीजेपी और अकाली दल मिलकर मिलकर ही कृषि के काले कानून लाए थे. जब बाद में गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया गया तो अकाली दल अपने आप को अलग दिखाने लगा. उस वक्त केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री रहीं अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर ने 17 सितंबर 2020 को केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया था, और इसके बाद सितंबर 2020 के अंतिम सप्ताह में अकाली दल ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) से नाता तोड़ लिया था. अब 24 नवंबर को फिर से आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों ने 6 साल बाद गठबंधन कर लिया है.

भारतीय किसान यूनियन (राजेवाल) के अध्यक्ष और संयुक्त किसान मोर्चा के वरिष्ठ सदस्य बलबीर सिंह राजेवाल ने बयान में कहा कि अलग-अलग विचारधारा वाली पार्टियां सत्ता हासिल करने के लिए साथ आ रही हैं. उन्होंने पंजाब की आर्थिक स्थिति, किसानों की समस्याएं, नशे, गैंगवार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों के पास राज्य के विकास का स्पष्ट एजेंडा नहीं है. बीकेयू की ओर से अकाली दल से सवाल पूछा गया है कि क्या जिन मुद्दों की वजह से गठबंधन तोड़ा गया था वो मुद्दों का हल मिल गया है, जो फिर से दोनों दल साथ हो गए हैं.

जम्हूरी किसान सभा ने गठबंधन को पंजाब के लिए खतरनाक बताया है. जम्हूरी किसान सभा पंजाब के संगठन सचिव और संयुक्त किसान मोर्चा की सांझी समिति के सदस्य रघबीर सिंह बेनीपाल ने मीडिया को दिए बयान में कहा कि भाजपा-अकाली दल गठबंधन को पंजाब के लिए नुकसानदेह है. उनका कहना है कि भाजपा की विचारधारा और पंजाब की विविधतापूर्ण सामाजिक सांस्कृतिक पहचान के बीच अंतर है. उन्होंने आशंका जताई कि इस गठबंधन से राज्य के भाईचारे पर असर पड़ सकता है. जबकि, किसानों की अनदेखी की जा रही है और इनके लोग किसानों को आतंकवादी बताते हैं. गठबंधन तोड़ने के दौरान अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादलल ने एमएसपी गारंटी कानून नहीं लाने और किसानों की अनदेखी से उपजे मतभेदों को वजह बताया था. क्या अब किसानों की मांगें मान ली गई हैं और मतभेद खत्म हो गए हैं.

भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कादियां ने 2 नवंबर 2026 को अकाली दल को समर्थन देने का ऐलान किया था. इसके बाद 18 नवंबर को भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) ने भी अकाली दल के पक्ष में समर्थन जताया. इन संगठनों के नेताओं का कहना है कि संयुक्त किसान मोर्चा के नियमों में बदलाव के बाद उसके घटक संगठन अपनी पसंद की राजनीतिक पार्टी का समर्थन कर सकते हैं. बीकेयू (लखोवाल) के महासचिव हरिंदर सिंह लखोवाल ने कहा कि अगर भाजपा उनकी मांगें मानती है तो उसके साथ गठबंधन पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए.

संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक के प्रमुख नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने भी गठबंधन पर सवाल उठाए हैं. जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि उनका संगठन राजनीतिक दलों को समर्थन देने या चुनाव लड़ने की विचारधारा में विश्वास नहीं करता है. उन्होंने कहा कि जिन किसान संगठनों ने अकाली दल को समर्थन दिया है, वह उनका व्यक्तिगत फैसला है. उन्होंने कहा कि हमारा संगठन एसकेएम गैर राजनीतिक किसान हितों की मांग के लिए लड़ाई लड़ रहा है. कोई भी गठबंधन हो, हम बस किसानों की समस्याएं हल कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं और लड़ते रहेंगे.

कांग्रेस के पंजाब चुनाव प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि अकाली दल ने भाजपा का साथ छोड़ा था, वो किन कारणों से छोड़ा था वो 3 कृषि के काले कानून जो लेकर आए थे उस वजह से छोड़ा था. जिसमें मेरे ख्याल से किसान आंदोलन में 700 लोगों की जान गई थी. क्या भारतीय जनता पार्टी ने MSP पर किसी को गारंटी के आश्वासन दिया है ? क्या कोई विशेष पैकेज पंजाब को दिया है? अकाली दल ने जिन बातों को बोलकर साथ छोड़ा था और भाजपा ने जिस प्रकार के आरोप लगाए थे- भ्रष्टाचार, ड्रग्स , तमाम नेताओं पर छापे मारे, उनको भ्रष्टाचार कहा गया, कई बातें बोली गई. क्या वो सारे कारण खत्म हो गए हैं?

#WATCH जयपुर (राजस्थान): भाजपा-अकाली दल गठबंधन पर कांग्रेस पंजाब चुनाव प्रभारी सचिन पायलट ने कहा,” ये जो गठबंधन किया है, आप देखिए 6 साल पहले जब अकाली दल ने भाजपा का साथ छोड़ा था, वो किन कारणों से छोड़ा था वो 3 कृषि के काले कानून जो लेकर आए थे उस वजह से छोड़ा था। जिसमें मेरे ख्याल से आंदोलन में 700 लोगों की जान गई थी। क्या भारतीय जनता पार्टी ने MSP पर किसी को गारंटी के आश्वासन दिया है ? क्या कोई विशेष पैकेज पंजाब को दिया है? 12 साल से पंजाब में कोई उद्योग, कोई स्पेशल पैकेज, कोई आर्थिक मदद कुछ नहीं दी। अकाली दल ने जिन बातों को बोलकर साथ छोड़ा था और भाजपा ने जिस प्रकार के आरोप लगाए थे- भ्रष्टाचार, ड्रग्स , तमाम नेताओं पर छापे मारे, उनको भ्रष्टाचार कहा गया, कई बातें बोली गई। क्या वो सारे कारण खत्म हो गए हैं? गठबंधन एक मजबूरी का परिचय है…जनता सारी बात देख रही है और यह गठबंधन जो है मुझे लगता है बहुत अवसरवादिता का एक सबसे बड़ा उदाहरण है कि सत्ता हासिल करने की कोशिश में आप सिद्धांत, नैतिकता, राजनीति और जो आपने कहा उस सबको साइड पर कर लोगों को भ्रमित करने के लिए आगे आए हैं। पंजाब के लोग इस गठबंधन को सीधे से नकारेंगे। मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का होगा और आम आदमी पार्टी की जो सरकार है वो बहुत जल्द गिरने वाली है… जो वैकल्पिक व्यवस्था कोई दे सकता है वो पंजाब को कांग्रेस पार्टी दे सकती है।”

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भाजपा और अकाली दल कभी साथ आते हैं और कभी अलग हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन पंजाब के लोगों, महिलाओं, अनुसूचित जाति समुदाय, किसानों और व्यापारियों के साथ है. वहीं, आप नेता जरनैल सिंह ने गठबंधन के राजनीतिक प्रभाव पर सवाल उठाते हुए दोनों दलों की तुलना शून्य से की. उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी और जिन मुद्दों के लिए ये लोग अलग हुए थे क्या वो हल हो गए हैं.

Share This Article