एग्रीवेट: Haryana Sugarcane Farmers: हरियाणा में गन्ना किसानों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है. किसान गन्ने का भाव बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं. इसके लिए किसान संगठनों ने कई चीनी मिलों के बाहर धरना शुरू कर दिया है. आंदोलन का असर अब गन्ने की पेराई पर भी दिखने लगा है. कई जगह किसानों ने चीनी मिलों को गन्ने की सप्लाई रोक दी है. इससे 2026-27 का पेराई सीजन शुरू होने में देरी हो रही है. किसानों का कहना है कि, खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन सरकार गन्ने के दाम में बहुत कम बढ़ोतरी कर रही है.
किसानों का यह आंदोलन 15 नवंबर को यमुनानगर की सरस्वती शुगर मिल के बाहर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) ने शुरू किया था. धीरे-धीरे इसमें दूसरे किसान संगठन भी शामिल हो गए. भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के समर्थन और हरियाणा साझा संघर्ष मोर्चा के गठन से आंदोलन को और मजबूती मिली है.
रसोई पर महंगाई की मार! शाकाहारी थाली 12 फीसदी महंगी.. आम परिवारों की बढ़ी परेशानी – एग्रीवेट
किसान यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला समेत कई जिलों में चीनी मिलों के बाहर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं. उनकी मांग है कि सरकार मौजूदा 430 रुपये प्रति क्विंटल के राज्य सलाहकारी मूल्य (SAP) को बढ़ाकर 600 रुपये करे.
अब यह आंदोलन यमुनानगर से आगे बढ़कर कुरुक्षेत्र, करनाल, अंबाला और रोहतक समेत कई जिलों तक पहुंच गया है. किसानों ने कुरुक्षेत्र की शाहाबाद सहकारी चीनी मिल में पेराई सीजन शुरू करने के कार्यक्रम का भी विरोध किया. कार्यक्रम तो हुआ, लेकिन किसानों ने गन्ना मिल तक नहीं पहुंचाया. इसी तरह नारायणगढ़ चीनी मिल में भी 24 नवंबर को पेराई शुरू करने के लिए गन्ना नहीं पहुंचा. इससे मिल का काम शुरू नहीं हो सका.
हरियाणा सरकार ने 2025-26 सीजन में गन्ने का भाव 415 रुपये प्रति क्विंटल रखा था. इसे बढ़ाकर 2026-27 के लिए 430 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है. यानी किसानों को सिर्फ 15 रुपये की बढ़ोतरी मिली है. सरकार ने 2027-28 सीजन के लिए भाव 450 रुपये प्रति क्विंटल करने का भी ऐलान किया है.
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का कहना है कि, हरियाणा में किसानों को देश में सबसे ज्यादा गन्ने का भाव दिया जा रहा है. लेकिन किसान संगठनों का कहना है कि खाद, बीज, डीजल, सिंचाई और मजदूरी का खर्च लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में 15 रुपये की बढ़ोतरी से किसानों को कोई खास राहत नहीं मिलेगी.
गन्ने की कटाई और मिलों में सप्लाई रुकने से किसानों को एक और चिंता सता रही है. जिन खेतों में अभी गन्ना खड़ा है, वहां समय पर गेहूं की बुवाई करना मुश्किल हो सकता है. वहीं, किसानों का आरोप है कि गुड़ और खांडसारी बनाने वाली इकाइयों ने भी गन्ने की खरीद का भाव करीब 500 रुपये से घटाकर 350 से 400 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया है. इससे किसानों के सामने गन्ना बेचने का विकल्प भी सीमित हो रहा है. संयुक्त किसान मोर्चा ने मांग पूरी नहीं होने पर 2 दिसंबर को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने का ऐलान किया है. ऐसे में अब सबकी नजर सरकार और किसान संगठनों के बीच होने वाली बातचीत पर है.