मसालों और खाद्य तेलों के बाजार में उतार-चढ़ाव, धनिया 170 रुपये महंगा हुआ, सोयाबीन भी चढ़ा—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: कृषि जिंसों के बाजार में बुधवार को अलग-अलग रुझान देखने को मिले. हाजिर बाजार में मजबूत मांग और सीमित आपूर्ति के चलते धनिया के वायदा भाव में तेजी दर्ज की गई, जबकि कमजोर मांग के कारण बिनौला तेल खली के दाम गिर गए. नई दिल्ली और इंदौर की अनाज मंडियों में मूंग दाल और उड़द की मांग मजबूत रही. वहीं, खाद्य तेल बाजार में सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में नरमी आई, जबकि सोयाबीन के दाम बढ़ गए.

हाजिर बाजार में मजबूत मांग और उत्पादक क्षेत्रों से सीमित आपूर्ति के कारण वायदा कारोबार में धनिया की कीमतों में तेजी दर्ज की गई. एनसीडीईएक्स में दिसंबर महीने में आपूर्ति वाले धनिया अनुबंध का भाव 170 रुपये यानी 1.08 फीसदी बढ़कर 15,628 रुपये प्रति क्विंटल हो गया. बाजार विश्लेषकों के मुताबिक हाजिर बाजार में मजबूती के रुख और सीमित आपूर्ति से धनिया की कीमतों को सहारा मिला.

हाजिर बाजार में मांग कमजोर रहने और कारोबारियों की ओर से सौदों का आकार घटाने के कारण बिनौला तेल खली के वायदा भाव में गिरावट आई. एनसीडीईएक्स में दिसंबर डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 62 रुपये यानी 1.52 फीसदी घटकर 4,029 रुपये प्रति क्विंटल रह गई. बाजार में कमजोर हाजिर मांग को कीमतों में गिरावट की प्रमुख वजह बताया गया.

इंदौर की स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में बुधवार को मूंग दाल और उड़द मोगर की मांग मजबूत रही. मंडी में चना कांटा के भाव 7800 से 7900 रुपये प्रति क्विंटल और चना विशाल के भाव 7750 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए. वहीं, चना काबली डॉलर 9500 से 10500 रुपये और चना काबली रशियन 7700 से 8100 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बिका।

इंदौर के खाद्य तेल बाजार में बुधवार को सोयाबीन रिफाइंड तेल की कीमतों में 5 रुपये प्रति 10 किलोग्राम की कमी आई. इसके विपरीत तिलहन बाजार में सोयाबीन 200 रुपये प्रति क्विंटल महंगा होकर 7600 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गया. सरसों के भाव 9200 से 9400 रुपये प्रति क्विंटल रहे. वहीं, मूंगफली तेल 1830 से 1850 रुपये, सोयाबीन रिफाइंड तेल 1370 से 1375 रुपये और पाम तेल 1355 से 1360 रुपये प्रति 10 किलोग्राम के भाव पर दर्ज किया गया.

Share This Article