प्याज की कीमतों में गिरावट शुरू, मंडियों में एक महीने में 15 रुपये किलो तक सस्ता हुआ भाव – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: पिछले कई महीनों से महंगे चल रहे प्याज की कीमतों में अब नरमी आने लगी है. राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ प्याज की नई फसल की आवक शुरू होने से मंडियों और खुदरा बाजार में दाम घटने लगे हैं. खास बात यह है कि होलसेल में प्याज 15 रुपये किलो तक सस्ता हो गया है. कारोबारियों और अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले महीनों में प्याज की उपलब्धता और बढ़ने की उम्मीद है. इससे कीमतों में और गिरावट आ सकती है.

फाइनेंशियल एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, उपभोक्ता मामलों के विभाग की सचिव निधि खरे ने कहा कि मंडियों के साथ खुदरा बाजार में भी प्याज की कीमतें कम होने लगी हैं. पिछले सीजन में किसानों को प्याज के अच्छे दाम मिले थे. इससे इस बार रबी सीजन में प्याज की बुवाई को लेकर किसानों का रुझान बढ़ा है. ऐसे में 2026-27 के आगामी सीजन में प्याज का उत्पादन और उपलब्धता बेहतर रहने की उम्मीद है.

देश की सबसे बड़ी कृषि मंडी दिल्ली की आजादपुर मंडी में प्याज की थोक कीमतें घटकर 35 से 40 रुपये प्रति किलो रह गई हैं. एक महीने पहले यहां प्याज 50 से 55 रुपये प्रति किलो बिक रहा था. यानी कीमत में 15 रुपये किलो तक की कमी आई है. कारोबारियों के मुताबिक, नई फसल की आवक बढ़ने से कीमतों में और नरमी आ सकती है. गौरतलब है कि अक्टूबर 2026 में खुदरा महंगाई बढ़कर 8.94 फीसदी पहुंच गई थी. इसमें प्याज की कीमतों में तेज उछाल की बड़ी भूमिका रही. पिछले महीने प्याज की महंगाई दर सालाना आधार पर 116 फीसदी दर्ज की गई थी.

महाराष्ट्र के नासिक जिले की लासलगांव मंडी में प्याज की कीमतें घटकर 45 से 47 रुपये प्रति किलो रह गई हैं. पिछले महीने यहां प्याज का भाव 50 रुपये प्रति किलो था. वहीं, उपभोक्ता मामलों के विभाग के मुताबिक, गुरुवार को देश में प्याज की औसत खुदरा कीमत 53.83 रुपये प्रति किलो रही. यह एक साल पहले के मुकाबले 101 फीसदी अधिक है. पिछले तीन महीनों के दौरान कई जगहों पर प्याज 65 से 70 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था. अब इसकी खुदरा कीमत घटकर 50 से 55 रुपये प्रति किलो रह गई है. कारोबार विश्लेषक दीपक चव्हाण के मुताबिक, उत्तर कर्नाटक को छोड़कर बाकी प्रमुख उत्पादक इलाकों में खरीफ प्याज की फसल की स्थिति और आवक अच्छी है. उत्तर कर्नाटक में कम बारिश के कारण फसल प्रभावित होने की आशंका है.

विशेषज्ञों के मुताबिक, खरीफ प्याज की नई फसल की आवक अगले दो महीने तक कीमतों को नियंत्रण में रखने में मदद कर सकती है. हालांकि, 2026-27 में प्याज का कुल उत्पादन कितना होगा, यह रबी सीजन में होने वाली बुवाई के रकबे पर निर्भर करेगा. यानी आने वाले समय में प्याज की कीमतें काफी हद तक रबी फसल के उत्पादन पर निर्भर रहेंगी.

भारत में फसल वर्ष 2025-26 के दौरान प्याज का उत्पादन 6.5 फीसदी घटकर 2.889 करोड़ टन रहने का अनुमान है. उत्पादन में गिरावट की मुख्य वजह महाराष्ट्र में रबी प्याज की पैदावार कम होना है. महाराष्ट्र देश का सबसे बड़ा प्याज उत्पादक राज्य है और कुल उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी करीब 40 फीसदी है. एक सरकारी रिपोर्ट के मुताबिक, आमतौर पर अगस्त-सितंबर से प्याज की कीमतों में उतार-चढ़ाव शुरू हो जाता है. इस दौरान त्योहारों के कारण मांग बढ़ती है. इसके अलावा मौसम, सप्लाई और बाजार की मांग का भी कीमतों पर असर पड़ता है.

भारत में कुल प्याज उत्पादन का 70 से 75 फीसदी हिस्सा रबी सीजन में पैदा होता है. रबी प्याज की फसल घरेलू मांग पूरी करने और कीमतों को स्थिर रखने में अहम भूमिका निभाती है. इसकी वजह यह है कि अक्टूबर में खरीफ प्याज की नई फसल आने तक रबी प्याज से बाजार में आपूर्ति बनी रहती है.

Share This Article