मंडियों में 12 हजार टन से ज्यादा धान पर भीगने का खतरा, तूफानी बारिश से बचाने के निर्देश – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: छत्तीसगढ़ में खरीफ सीज 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जारी है. इसी बीच चक्रवात अकवान के चलते संभावित मौसमी बदलाव और तूफानी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रदेश स्तर पर मंडियों में धान समेत अन्य उपज को सुरक्षित करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए खुले आसमान के नीचे मंडियों में पड़ी उपज को तिरपाल और प्लास्टिक शीट से ढंकने की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं.

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने चक्रवाती तूफान अकवान के भयंकर रूप लेने और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश और तूफानी हवाएं चलने के अलर्ट को देखते हुए किसानों और कृषि मंडियों में पड़ी उपज को बचाने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद जिलों में खाद्य अधिकारियों को नोडल अधिकारियों ने सभी खरीद केंद्रों का भौतिक निरीक्षण किया. दुर्ग जिला प्रशासन ने उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है. वहीं, सीएम किसानों को नुकसान होने की स्थिति में भरपाई कराने का भरोसा दिया है.

दुर्ग जिले में 1.23 लाख से अधिक किसानों का पंजीयन खरीफ मार्केटिंग साल 2026-27 में दुर्ग जिले में कुल 1,15,933 किसानों का पंजीयन किया गया है. इनके लिए कुल पंजीकृत रकबा 1,16,545.29 हेक्टेयर है. जिले में निर्धारित धान खरीदी लक्ष्य 6,34,261.09 मीट्रिक टन के मुकाबले अब तक 12,324.64 मीट्रिक टन मोटे धान की खरीदी की जा चुकी है. इसमें से बड़े पैमाने में धान मंडियों में खुले में पड़ा हुआ है, जिसके भीगने का खतरा बना हुआ है. जिला प्रशासन का जोर धान खरीदी के साथ-साथ उपार्जित धान के सुरक्षित भंडारण पर भी है, ताकि किसानों की उपज को प्रतिकूल मौसम से बचाया जा सके.

दुर्ग जिले के कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में धान को बारिश, नमी और तेज हवाओं से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. इसी कड़ी में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग के सीईओ सुनील कुमार वर्मा ने अंडा, चंद्रखुरी और कुथरेल धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने धान के सुरक्षित भंडारण और मौसम से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

जिले की 123 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा इंतजामों की नियमित निगरानी की जा रही है. प्रशासन की ओर से सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं. तेज हवाओं से धान के स्टॉक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है. वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए डनेज यानी चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके अलावा खरीद केंद्रों के आसपास जल निकासी की व्यवस्था, नालियों की सफाई और बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर जोर दिया जा रहा है.

Share This Article