पोल्ट्री बिजनेस में 2 रुपये की वैक्सीन बचाएगी करोड़ों, नई लैब से पशुपालकों के 56 हजार करोड़ बचाने की कोशिश – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू (H5N1) की पहली स्वदेशी वैक्सीन देश को समर्पित कर दी है. यह वैक्सीन 1 से 2 रुपये कीमत पर उपलब्ध कराई जाएगी. इस वैक्सीन से पोल्ट्री कारोबार को होने वाले करोड़ों रुपये के नुकसान से बचाया जा सकेगा. इसके अलावा भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक लैब की शुरुआत की गई है. इसकी मदद से पशुपालकों को सालाना 56,000 करोड़ रुपये के नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी. ​

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा था. इसके बाद 2021 में 9 लाख और इस वर्ष भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई. 2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप आ चुके हैं, जिससे न केवल पोल्ट्री उद्योग तबाह होता था, बल्कि इसके स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में फैलने का खतरा भी बना रहता था. अब इस नई वैक्सीन की एक खुराक की कीमत मात्र 1 से 2 रुपये के बीच रखी गई है, ताकि छोटे से छोटा मुर्गीपालक भी इसका भार आसानी से उठा सके और उसकी आजीविका सुरक्षित रहे.

​भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD – निषाद) की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने भोपाल को 300 करोड़ रु. की लागत से बनने वाली एक नई अत्याधुनिक लैब की सौगात देने की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि . उन्होंने कहा कि भोपाल का यह संस्थान आज भारत का कीर्ति स्तंभ बन गया है. उन्होंने बताया कि खुरपका-मुंहपका रोग (FMD – फुट एंड माउथ डिजीज) से औसतन 22,000 करोड़ रु., लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रु., ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रु. और भेड़-बकरियों की बीमारी पीपीआर (PPR – पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) से 4,683 करोड़ रु. का नुकसान होता था. इस तरह कुल 56,000 करोड़ रु. का भारी नुकसान देश और किसानों को झेलना पड़ता था, जिससे अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से देश को बचाने का पुण्य कार्य हो रहा है.

​पशुपालन और पोल्ट्री सेक्टर को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशु किसानों के लिए ‘चलते-फिरते एटीएम’ हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी देते हैं. उन्होंने बताया कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पशुपालन का 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 फीसदी योगदान है. खुरपका-मुंहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस पर काबू पा लिया गया है. इसी तरह 2022 में जब लंपी त्वचा रोग से 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी, तब हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने ‘लंपी प्रोवैकइंड’ टीका बनाया.  भोपाल के इसी संस्थान ने पहले भी गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके बनाकर देश को गौरवान्वित किया है.

​वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों- डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. को ‘रियल हीरो’ बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने उनके संघर्ष को साझा किया. उन्होंने बताया कि इन वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना महीनों तक लगातार शोध किया. लैब के कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन करना पड़ता था, रोज 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और पूरी रिसर्च के दौरान वे अपने घरों में कोई पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे. केंद्रीय मंत्री ने वैज्ञानिकों की इस साधना और सैनिक जैसे समर्पण को बारंबार प्रणाम किया.

Share This Article