मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ऐलान, मध्य प्रदेश 2027 में होगा युवा वर्ष—देखें क्या है पूरा सच – एग्रीवेट

Team Agrivate
8 Min Read

एग्रीवेट: ग्वालियर में यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 का शुभारंभ, 26 राज्यों के करीब 350 युवा ले रहे हैं हिस्सा

21 नवंबर 2026, भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया ऐलान, मध्य प्रदेश 2027 में होगा युवा वर्ष – मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अगले वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने की एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि है। उन्होंने कहा कि युवा ही देश और समाज में परिवर्तन लाते हैं। युवाओं की ऊर्जा, कौशल, हुनर और नवाचारी सोच का उपयोग प्रदेश के विकास में किया जाएगा। इसके लिए सरकार युवाओं को हर संभव अवसर उपलब्ध कराएगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को ग्वालियर स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 के आठवें संस्करण के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 के शुभारंभ पर कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवा शक्ति हमारी बड़ी पूंजी है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति केंद्रित रहकर प्रतिस्पर्धा के लिए खुद को योग्य बनाने का आह्वान किया। उनके अनुसार, युवा को सही दिशा और मौके देने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस का उद्देश्य भी युवाओं को विचारों के आदान-प्रदान और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा, दर्शन सहित 300 से अधिक विषयों पर वैचारिक मंथन होगा। इसमें देश के 26 राज्यों से चयनित करीब 350 युवा विद्वान, अचीवर्स, कलाकार और लेखक शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश भर से पंजीकरण के बाद चयन प्रक्रिया से चुने गए युवाओं के विचार विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं की असीम ऊर्जा, योग्यता, कौशल, हुनर और नवाचारी सोच का उपयोग मध्यप्रदेश के विकास में करना चाहती है। इसके लिए युवाओं को जितने भी मौके मिल सकते हैं, मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने अगले साल को युवा वर्ष घोषित किया है। युवा कल्याण के लिये पहले से चल रहे कामों को इस वर्ष में योजना के अनुसार तेज़ी से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के बारे में बात करते हुए कहा कि भारत की संस्कृति बहुत सारी विविधताओं से भरी हुई है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग एक दूसरे के साथ जुड़े रहते हैं, जैसा कि “वसुधैव कुटुम्बकम” कहता है सब एक परिवार हैं। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति सभी को जोड़ने का काम करती है और इसका प्रभाव वैश्विक स्तर पर भी दिखाई देता है।

उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उदाहरण देते हुए कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता देना भारतीय संस्कृति के वैश्विक प्रभाव का बड़ा उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने ग्वालियर को भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी और दाता बंदी छोड़ की नगरी कहते हुए कहा कि यहां की मिट्टी हमेशा से विचारों, ज्ञान और गहरे चिंतन की परंपरा से भरी रही है एवं उन्होंने सोमनाथ मंदिर, सनातन संस्कृति और भारतीय विरासत के विभिन्न पहलुओं का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि भारत के मंदिर सिर्फ आस्था के स्थान नहीं, बल्कि वास्तुकला और शिल्प के बेहतरीन नमूने भी हैं। मंदिर परिसरों में पुस्तकालय, अन्नक्षेत्र, जलाशय, सभागार और अतिथि गृह जैसी व्यवस्थाएं भी होती थीं। इस दौरान उन्होंने कंबोडिया के अंकोरवाट मंदिर का उदाहरण भी दिया।

यंग थिंकर्स कॉन्फ्लुएंस-2026 के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयोजन स्थल पर मंदिर स्थापत्य, बंगाल नरसंहार और भारतीय विचारकों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने पुस्तक मेले की भी शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने अलग-अलग प्रकाशकों के स्टॉल पर जाकर पुस्तकें देखीं और ज्ञानवर्धक पुस्तकें खरीदीं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने लेखक श्रीकृष्ण श्रीवास्तव की किताब ‘अल्लामा इकबाल के दो चेहरे’ का विमोचन भी किया। समारोह में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के उपाध्यक्ष पद्मश्री प्रोफेसर डॉ. भरत गुप्त, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान की कुलपति प्रोफेसर कल्पना शर्मा, वरिष्ठ प्रचारक एवं लेखक श्रीधर पराड़कर, यंग थिंकर्स फोरम के निदेशक आशुतोष सिंह ठाकुर, अभिनेता पीयूष मिश्रा सहित विभिन्न राज्यों से आए युवा चिंतक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Share This Article