कर्नाटक में कॉफी की कीमतों में 19 फीसदी तक गिरावट, किसानों को नुकसान की आशंका—जानें पूरा मामला – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: भारत में कॉफी की कीमतों में गिरावट से किसानों की चिंता बढ़ गई है. कर्नाटक में अक्टूबर से शुरू हुए कॉफी मार्केटिंग सीजन 2026-27 के दौरान कच्ची कॉफी की कीमतें अलग-अलग किस्मों में 5 से 19 फीसदी तक गिर गई हैं. इससे उन किसानों को नुकसान की आशंका है, जो फिलहाल अरेबिका कॉफी की कटाई कर रहे हैं.

वैश्विक बाजार में कॉफी की कीमतें कमजोर होने का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा है. दुनिया के दो सबसे बड़े कॉफी उत्पादक देशों ब्राजील और वियतनाम में इस साल उत्पादन बढ़ने की उम्मीद है. वहीं, अनुकूल मौसम और वियतनाम की नई फसल की आवक ने भी कीमतों पर दबाव  बढ़ाया है. वियतनाम में कॉफी उत्पादन करीब 5 फीसदी बढ़ने का अनुमान है. इसके अलावा, भारतीय रुपये की मजबूती और बाजार में मांग कमजोर रहने से भी देश में कॉफी की कीमतों में गिरावट आई है.

यूपीएएसआई (UPASI) की कॉफी समिति के अध्यक्ष सहदेव बालकृष्ण ने बिजनेसलाइन से कहा कि पिछले कुछ हफ्तों में अरेबिका कॉफी की कीमतों में तेज गिरावट आई है. यह गिरावट ऐसे समय हुई है, जब भारतीय किसानों ने फसल की कटाई शुरू की है. उन्होंने कहा कि इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि मजदूरी और खेती में इस्तेमाल होने वाली चीजों की लागत काफी बढ़ गई है. इन लागतों का कॉफी की कीमतों से कोई सीधा संबंध नहीं है.

इस साल सूखे मौसम और सामान्य से कम बारिश के कारण कॉफी की फसल  जल्दी पक गई है. इससे अरेबिका कॉफी की कटाई भी समय से पहले शुरू हो गई है. नई फसल बाजार में आने के बावजूद मांग कमजोर बनी हुई है, जिससे कीमतों पर दबाव पड़ रहा है. कर्नाटक के कोडागु जिले के गोणिकोप्पा के कॉफी कारोबारी प्रमोद सोमैया के मुताबिक, किसान फिलहाल जरूरत के हिसाब से ही कॉफी बेच रहे हैं. वे जल्दबाजी में अपना स्टॉक बाजार में नहीं उतारना चाहते. निर्यातकों की ओर से भी मांग कमजोर है और बहुराष्ट्रीय कंपनियां फिलहाल बाजार में सक्रिय नहीं हैं.

सोमैया ने बताया कि कारोबारियों के पास पहले से महंगे दाम पर खरीदा गया कॉफी का स्टॉक मौजूद है. ऐसे में वे भी केवल अपनी तत्काल जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं. हालांकि, खाड़ी देशों में कॉफी की कुछ खेप भेजी जा रही हैं. खास बात यह है कि ब्राजील से कॉफी की नई खेप आने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रमाणित कॉफी का स्टॉक बढ़ने लगा है. इससे कॉफी की कीमतों में गिरावट का रुख बना हुआ है.

अग्रणी कॉफी एंड कमोडिटीज के प्रवीण कोलिमरला ने कहा कि अगर प्रमाणित स्टॉक में बढ़ोतरी जारी रहती है, तो कीमतों पर दबाव और बढ़ सकता है. उन्होंने बताया कि रोबस्टा कॉफी के मामले में वियतनाम और युगांडा से भी ज्यादा मात्रा में बिक्री हो रही है. इससे बाजार में आपूर्ति बढ़ रही है और कीमतों को सहारा नहीं मिल पा रहा है.

कॉफी बोर्ड ने 2026-27 के लिए देश में कॉफी उत्पादन 4.04 लाख टन रहने का शुरुआती अनुमान जारी किया है. इसमें 1.20 लाख टन अरेबिका और 2.84 लाख टन रोबस्टा कॉफी शामिल है. वहीं, 2025-26 में भारत का कुल कॉफी उत्पादन 3.73 लाख टन रहा था. इसमें 1.11 लाख टन अरेबिका और 2.62 लाख टन रोबस्टा कॉफी का उत्पादन हुआ था. इस तरह बोर्ड के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, अगले सीजन में कॉफी उत्पादन बढ़ सकता है.

Share This Article