बूढ़े होते किसान, खाली होते गांव! खेती का भविष्य किसके हाथ में? – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 20 नवंबर 2026, नई दिल्ली: बूढ़े होते किसान, खाली होते गांव! खेती का भविष्य किसके हाथ में? – भारत की पहचान सदियों से गांवों और खेती-किसानी से जुड़ी रही है। खेतों की हरियाली, किसानों का पसीना और कृषि पर टिकी ग्रामीण अर्थव्यवस्था देश की मजबूत बुनियाद मानी जाती है। लेकिन बदलते दौर के साथ गांवों का चेहरा भी बदलने लगा है। आज कई ग्रामीण क्षेत्रों में युवा खेती से मुँह मोड़कर शहरों की ओर रुख कर रहे हैं। वहीं, खेती का बोझ धीरे-धीरे बुजुर्ग किसानों के कंधों पर सरकता जा रहा है। ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि आने वाले समय में खेती की कमान कौन संभालेगा?

गांव के युवा की खेती से दूर होने की कई वजहें हैं। खेती में ज्यादा मात्रा में खर्च बढ़ता जा रहा है। मौसम का कुछ ठिकाना नहीं रहता। फसल का सही दाम मिलेगा या नहीं, इसकी चिंता किसानों को बनी रहती है। कमाई भी घटती-बढ़ती रहती है।

यही सब देखकर कई युवा बेहतर शिक्षा, नौकरी और सुविधाओं की तलाश में शहरों में बसना पसंद कर रहे हैं। उनका मानना है कि शहरों में नियमित आमदनी और करियर के ज्यादा मौके मिल सकते हैं।

गांवों में ऐसे कई किसान हैं जो उम्र बढ़ने के बावजूद खेतों में काम कर रहे हैं। बुवाई से लेकर सिंचाई और कटाई तक की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर है। पहले खेती में परिवार के सभी लोग एक साथ मिलकर काम करते थे। लेकिन अब कई युवा गांव से शहरों में चले गए हैं। इसका असर खेती के पारंपरिक तरीकों और ग्रामीण जीवन पर भी दिखने लगा है। ग्रामीण जीवन की रूपरेखा भी धीरे-धीरे बदल रही है। खेतों में अब काम करने वालों में बुजुर्गों की संख्या बढ़ रही है, और युवाओं के न होने से हर चीज का भार उन बुजुर्गों पर बढ़ता जा रहा है।

युवाओं का खेती की तरफ आकर्षण लाने के लिए आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, बेहतर बाजार व्यवस्था और कृषि शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है। ड्रोन, आधुनिक कृषि यंत्र, डिजिटल बाजार और इन नई तकनीकों से खेती को ज्यादा आसान और फायदेमंद बनाया जा सकता है।

खेती सिर्फ एक रोजगार नहीं, बल्कि करोड़ों परिवारों की रोजी-रोटी है और देश की खाद्य सुरक्षा की नींव भी है। अगर नई पीढ़ी को खेती से जोड़ने के लिए सही मौके और सुविधाएं दी जाएं, तो गांवों की तस्वीर बदल सकती है। आज सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या खेती को इतना मजबूत बनाया जा सकेगा कि गांव का युवा फिर से खेतों की ओर लौटे?

Share This Article