सोयाबीन की कीमतों में गिरावट, दो महीने के निचले स्तर पर रेट.. मक्का और गेहूं के भाव भी टूटे – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Mandi Bhav: सोमवार को वैश्विक बाजार में सोयाबीन की कीमतों में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आई और भाव दो महीने के निचले स्तर पर पहुंच गए. अमेरिका में रिकॉर्ड सोयाबीन उत्पादन के बाद नई फसल की आवक बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से सोयाबीन पर दबाव बढ़ा. वहीं, मक्का और गेहूं के भाव भी नीचे आए. हालांकि, काला सागर क्षेत्र से गेहूं की सप्लाई में लगातार आ रही बाधाओं के कारण इसकी कीमतों में गिरावट सीमित रही.

बिजनेसलाइन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी बाजार में सोमवार को सोयाबीन की कीमतों में गिरावट जारी रही. शिकागो बोर्ड ऑफ ट्रेड (CBOT) में सोयाबीन का सबसे सक्रिय कॉन्ट्रैक्ट 1.2 फीसदी गिरकर 12.41 डॉलर (करीब 1181रुपये) प्रति बुशल पर आ गया. कारोबार के दौरान इसकी कीमत 26 अगस्त के बाद के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गई. वहीं, मक्का का भाव 1.1 फीसदी गिरकर 4.51 डॉलर (करीब 429 रुपये) प्रति बुशल और गेहूं का भाव 0.4 फीसदी घटकर 6.22 डॉलर (592 रुपये) प्रति बुशल रह गया.

पिछले सप्ताह तेजी के बाद कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है. हालांकि, सऊदी अरब पर लगातार हो रहे हमलों से तेल की सप्लाई को लेकर चिंता बनी हुई है. कच्चे तेल की कीमतों का असर कृषि जिंसों पर भी पड़ता है, क्योंकि अनाज और तिलहन का इस्तेमाल बायोफ्यूल बनाने में होता है. पिछले सप्ताह मजबूत निर्यात मांग और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के कारण सोयाबीन को सहारा मिला था.

अमेरिकी कृषि विभाग के मुताबिक, 15 अक्टूबर को समाप्त हुए सप्ताह में अमेरिका से सोयाबीन की शुद्ध निर्यात बिक्री 28 लाख मीट्रिक टन रही. यह बाजार के अनुमान के ऊपरी स्तर के करीब है. चीन की ओर से लगातार सोयाबीन खरीदने के कारण निर्यात में बढ़ोतरी हुई. वहीं, अमेरिका में सोयाबीन की नई फसल की कटाई तेज होने से मक्का की कीमतों पर दबाव बना हुआ है. नई फसल की बढ़ती आवक से बाजार में मक्का का स्टॉक और बढ़ सकता है.

दूसरी ओर, पिछले सप्ताह गेहूं बाजार में निवेश फंडों ने अपनी हिस्सेदारी घटाई. इसकी वजह रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका की अगुवाई में चल रही कूटनीतिक बातचीत से काला सागर के रास्ते अनाज व्यापार दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ना था. हालांकि, बातचीत के बाद भी हमले जारी हैं. हाल ही में काला सागर में रोमानिया के तट के पास ड्रोन हमले में एक मालवाहक जहाज डूब गया. इससे क्षेत्र से अनाज की सप्लाई को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं.

Share This Article