एग्रीवेट: दिसंबर में चीनी की कुल मांग 23 लाख टन रहने का अनुमान है, लेकिन हर दिन 2 लाख टन चीनी का उत्पादन हो रहा है और पहले से ही 30 लाख टन चीनी स्टॉक में मौजूद है. ऐसे में अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (AISTA) ने सरकार से स्टोरेज लिमिट हटाने की मांग की है. कहा है कि थोक ट्रेडर्स चीनी मिलों से सीधे खरीद करते हैं. इससे गन्ना किसानों का भुगतान भी तय समय में हो पाता है. थोक ट्रेडर्स के पास पहले से ही स्टॉक मौजूद है और स्टोरेज लिमिट नहीं हटी तो वह नई चीनी नहीं खरीद सकेंगे और इसके नतीजे में गन्ना किसानों का भुगतान अटक सकता है. चीनी व्यापारियों के संगठन ने सरकार से 30 नवंबर के बाद भंडारण सीमा नहीं बढ़ाने का आग्रह किया है.
अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (AISTA) ने सरकार से चीनी मिलों में नए पेराई सत्र के शुरू होने और आपूर्ति बढ़ने का हवाला देते हुए कारोबारियों तथा थोक उपभोक्ताओं पर लागू भंडारण सीमा को 30 नवंबर के बाद नहीं बढ़ाने का आग्रह किया है. संघ ने कहा कि यदि सरकार भंडारण सीमा जारी रखना चाहती है, तो पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में कारोबारियों के लिए यह सीमा 2,800 टन तथा देश के बाकी हिस्सों में 1,000 टन तय की जानी चाहिए. इसके अलावा, थोक उपभोक्ताओं के लिए भंडारण की अवधि बढ़ाकर 45 दिन की जानी चाहिए.
यूरिया के दाम 62 फीसदी गिरे, फिर भी खाद सब्सिडी का खर्च 2.5 लाख करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद! – एग्रीवेट
चीनी व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रफुल्ल विठलानी ने कहा कि दिसंबर में चीनी की मांग 23 लाख टन रहने का अनुमान है, जबकि महीने की शुरुआत में 30 लाख टन चीनी का भंडार उपलब्ध होगा. चीनी मिलें हर दिन दो लाख टन चीनी का उत्पादन करेंगी. अकेले दिसंबर में कम से कम 60 लाख टन चीनी का उत्पादन होगा. अब चीनी की उपलब्धता को लेकर कोई चिंता नहीं है और भंडारण सीमा बढ़ाने की जरूरत नहीं है.
संघ ने सरकार से मौजूदा भंडारण सीमा को 30 नवंबर को समाप्त होने देने का आग्रह किया है. उसका कहना है कि तब तक सभी चीनी मिलों के वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र (अक्टूबर-सितंबर) में पूरी क्षमता से काम शुरू करने की उम्मीद है. विठलानी ने बयान में कहा कि त्योहारों का मौसम समाप्त हो चुका है. अतिरिक्त और कम आपूर्ति वाले क्षेत्रों के बीच चीनी का सुचारु वितरण पक्का करने और कीमतों में स्थिरता बनाए रखने के लिए कारोबार पर लगी पाबंदियां हटाना जरूरी है. इससे आपूर्ति को लेकर किसी तरह की चिंता भी नहीं रहेगी.
संघ ने थोक उपभोक्ताओं को भी भंडारण सीमा से छूट देने की मांग की है, ताकि मैन्यूफैक्चरिंग और फूड प्रॉसेसिंग का काम बिना रुकावट जारी रह सके. विठलानी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों के कारखाने देश के अलग-अलग हिस्सों में हैं. चीनी को इन कारखानों तक पहुंचाने में लगने वाला समय ही मौजूदा 15 दिन की भंडारण अवधि का बड़ा हिस्सा ले लेता है.
उन्होंने कहा कि थोक उपभोक्ता पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों से सीधे चीनी खरीदते हैं और उसका भुगतान तत्काल करते हैं. इससे मिलों को किसानों के गन्ने का बकाया चुकाने के लिए समय पर धन मिलता है. वहीं, औद्योगिक उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के मुताबिक गुणवत्ता वाली चीनी मिलती है और आपूर्ति में बाधा का जोखिम कम होता है.