ड्रैगन फ्रूट की खेती करें सरकार दे रही 2 लाख रुपये, 31 दिसंबर तक आवेदन का मौका, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: बागवानी फसलों से किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए बिहार सरकार बागवानी क्लस्टर शुरू कर रही है. इसके तहत किसानों को ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए 2 लाख रुपये तक की सब्सिडी के रूप में मदद दी जा रही है.  बिहार के कृषि मंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि बागवानी क्रांति को बढ़ावा देने के लिए क्लस्टर खेती से किसानों की आय और ग्रामीण रोजगार बढ़ाने की पहल की जा रही है. यह विधि किसानों की खुशहाली का नया रास्ता बनेगी. उन्होंने किसानों से सब्सिडी पाने के लिए 31 दिसंबर तक आवेदन करने की अपील की है.

बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत ‘गांव की बागवानी, हमारे गौरव की कहानी’ पहल के अंतर्गत क्लस्टर में बागवानी योजना का संचालन किया जा रहा है. इस योजना के माध्यम से किसानों को चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती के लिए प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती के लिए दो लाख रुपये (2 लाख रुपये) तक अनुदान दिया जाएगा.

कृषि मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में पपीता की खेती के लिए 40 हेक्टेयर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था. वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में आंवला के लिए 50 हेक्टेयर, एप्पल बेर के लिए 30 हेक्टेयर, अमरूद के लिए 190 हेक्टेयर, नींबू के लिए 210 हेक्टेयर तथा अनार के लिए 10 हेक्टेयर क्षेत्र में खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि अमरूद, नींबू, एप्पल बेर, बेल, कटहल, आंवला, अनार, पपीता, ड्रैगन फ्रूट सहित चयनित सुगंधित पौधों की खेती को प्रोत्साहित किया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य है कि किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ अधिक उद्यानिकी वाली फसलों को अपनाकर अपनी आमदनी में वृद्धि करें.

कृषि मंत्री ने बताया कि योजना के तहत चयनित उद्यानिकी एवं सुगंधित फसलों की खेती पर प्रति एकड़ एक लाख रुपये तथा ड्रैगन फ्रूट की खेती पर प्रति एकड़ दो लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा. अनुदान की राशि दो किस्तों में 65:35 के अनुपात में उपलब्ध कराई जाएगी. किसान न्यूनतम 0.25 एकड़ से अधिकतम 10 एकड़ तक खेती के लिए योजना का लाभ ले सकते हैं.

कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक खेती करने वाले किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से इस योजना में गैर-रैयत यानी बटाईदार किसानों को भी शामिल किया गया है. पपीते की खेती के लिए भूमि संबंधी एकरारनामा प्रस्तुत करने पर बटाईदार किसानों को भी लाभ मिलेगा. साथ ही योजना में कम से कम 30 प्रतिशत महिला किसानों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है.

कृषि मंत्री ने इच्छुक किसानों से अपील की कि वे 31 दिसंबर 2026 तक कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करें. योजना का लाभ लेने के लिए डीबीटी पोर्टल पर किसान पंजीकरण तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है. आवेदन में गलत जानकारी या दस्तावेजों में त्रुटि पाए जाने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है.

उन्होंने बताया कि योजना के तहत क्लस्टर का न्यूनतम रकबा 0.25 एकड़ होना जरूरी है. साथ ही लगाए गए पौधों की कम से कम 75 फीसदी उत्तरजीविता अनिवार्य होगी. इससे पौधों का उचित रखरखाव, बागवानी क्लस्टरों का टिकाऊ विकास तथा योजना को प्रभावी तरीके से लागू किया जा सकेगा. कृषि मंत्री ने राज्य के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे क्लस्टर आधारित बागवानी को अपनाएं और सरकार की इस योजना का लाभ उठाकर अपनी आय बढ़ाने के साथ बिहार को उद्यानिकी के क्षेत्र में अग्रणी बनाने में सहभागी बनें.

Share This Article