एग्रीवेट: बाढ़ के कहर से भारी नुकसान झेल रहे बिहार के किसानों की मदद के लिए केंद्र सरकार ने हाथ बढ़ाया है. बाढ़ प्रभावित इलाकों के दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि और किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए केंद्र सरकार मदद देगी. उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने पीएम फसल बीमा या राज्य की फसल बीमा योजना में नामांकन कराए थे, उन्हें भी मुआवजा राशि मिलेगी और जिन पीड़ितों ने नहीं कराए थे उन्हें भी राहत राशि दी जाएगी. उन्होंने राज्य कृषि और राजस्व विभाग से नुकसान आकलन रिपोर्ट मांगी है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार में बाढ़ राहत कार्यों की समीक्षा के लिए बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर वैशाली जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया. चौहान ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ वैशाली जिले के तेरसिया और सरायपुर गांवों का नाव से निरीक्षण किया. अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का भी आकलन करेंगे और किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार बिहार में 55 हजार हेक्टेयर भूमि बाढ़ प्रभावित हुई है. ऐसे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिन किसानों की फसलें चौपट हुई हैं उन्हें तुरंत नुकसान भरपाई के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही मछली पालकों, पशुपालकों के नुकसान के लिए भी मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं. बता दें कि बाढ़ के चलते तालाबों में पानी भरने से मछलियां बाढ़ के पानी में चली गईं. कृषि मंत्री ने ट्रैक्टर और नाव के जरिए बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया. बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के लिए हमारे ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आए हैं. यह बहुत अच्छी बात है. विपक्ष लगातार कहता था कि बिहार में जो बाढ़ है, उसकी अनदेखी की जा रही है. बिहार की सरकार और मुख्यमंत्री लगातार बाढ़ क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे थे और जायजा भी ले रहे थे. इसके साथ बाढ़ वाले क्षेत्रों में जो समस्या थी, उसका हल भी कर रहे थे और हल किया भी है. लोगों की सुविधा के लिए सभी के खाते में राज्य के खजाने से धनराशि भी दी गई है. अभी भारत सरकार की टीम आई है, वो भी जायजा लेकर राहत राशि जारी करेगी.