एग्रीवेट: भुवनेश्वर: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक एम एल जाट ने विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में देश में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं और इसमें कृषि क्षेत्र से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “कल 21 नवंबर को मैं पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश में कई कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। इनमें पश्चिम बंगाल में आईआईटी खड़गपुर का कौस्तुभ जयंती समारोह; बिहार के वैशाली में 34,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रमुख विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कौशल विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम ‘कौशल दीक्षांत समारोह’ शामिल है।”
किसानों के लिए बड़ी डिजिटल पहल! एग्रीस्टैक डेटा से बदलेगी खेती की तस्वीर, सरकार ने बनाई हाईलेवल टास्क फोर्स – एग्रीवेट
मुंबई: 20 नवंबर – नीति आयोग के उपाध्यक्ष अशोक कुमार लाहिड़ी ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र में भविष्य की विकास परियोजनाओं के लिए पहले से जमीन अधिग्रहित करने और उसका उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने की जरूरत है।
हसन(कर्नाटक): केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा, “राहुल गांधी देश की प्रॉब्लम है। राहुल गांधी बाहर जाकर देश की बदनामी करते हैं। अपने देश की अर्थव्यवस्था चौथे नंबर पर आई है। रोड इतने अच्छे बने हैं। नरेद्र मोदी के नेतृत्व में देश बहुत मजबूत हो रहा है, लेकिन राहुल गांधी के आरोप झूठ होते हैं और वह हमेशा झूठी बातें करते हैं। बाहर जाकर देश की बदनामी करना ठीक नहीं है।”
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ट्वीय किया, “कंप्रोमाइज्ड INDI गठबंधन का पाकिस्तान प्रेम फिर उजागर; युवराज को भारत में ‘तबाही’ दिखती है और पाकिस्तान में कामयाबी, जिस मंच पर भारत को कोसा, उसी मंच से पाकिस्तान के सम्मान में ढोल पीट रहे; जिसकी पूरी दुनिया में फज़ीहत हो रही है, उसकी पीठ थपथपाने के लिए भारत को ‘साइड प्लेयर’ बता रहे युवराज को पाकिस्तान की ‘कटोरा कूटनीति’ अच्छी लगती है और जब भारत दुनिया का नेतृत्व करे, ये अच्छा नहीं लगता। आखिर भारत के हितों की पैरवी करने की जगह पाकिस्तान का पक्षकार बनने की मजबूरी क्या है? कंप्रोमाइज्ड राहुल हैं और, कंप्रोमाइज्ड कांग्रेस है, जो ऐसे नेता को 20 वर्षों से ढो रही है।”
नयी दिल्ली: 20 नवंबर – सोना और चांदी में बिकवाली का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 5,200 रुपये टूटकर 1,29,300 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। वैश्विक बाजारों में लगातार बिकवाली से निवेशकों की कारोबारी धारणा कमजोर बनी हुई है।
कोलकाता: 20 नवंबर – प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर का शनिवार को दौरा करेंगे। इस दौरान वह इस प्रतिष्ठित संस्थान की कौस्तुभ जयंती (प्लैटिनम जुबली) के उपलक्ष्य में एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे और छात्रों को संबोधित भी करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि मोदी संस्थान के नेताजी ऑडिटोरियम में ‘75 वॉयसेस फॉर विकसित भारत’ पहल के तहत छात्रों के साथ बातचीत करेंगे।
नयी दिल्ली: 20 नवंबर – भारी उद्योग मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग ढांचे के विस्तार की प्रगति का आकलन केवल स्थापित चार्जिंग स्टेशनों की संख्या से नहीं, बल्कि वास्तव में चालू स्टेशनों की संख्या से किया जाना चाहिए।
कुमारस्वामी ने वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम की तरफ से ईवी चार्जिंग दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि चार्जिंग स्टेशन पर पर्याप्त क्षमता होनी चाहिए, उसे आसानी से ढूंढा और इस्तेमाल किया जा सके, भुगतान की सुविधा सरल हो तथा तकनीकी खराबियों को जल्द दूर किया जाए।
पटना: 20 नवंबर – बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत बांका और सिवान में दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि नवादा, जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
ऊर्जा विभाग के बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए परमाणु ऊर्जा और पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत सहित ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से राज्य की बिजली उत्पादन एवं भंडारण क्षमता बढ़ेगी और ऊर्जा व्यवस्था मजबूत होगी।
पटना, बिहार में राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे को लेकर कहा कि वैशाली और बिहार की जनता उनके स्वागत के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी बिहार आते हैं, तो लोगों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आते हैं. दौरे को लेकर जबरदस्त तैयारियां की गई हैं और लोग उनका इंतजार कर रहे हैं. वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान पर कुशवाहा ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को किसी बात को ठीक से समझने के बाद ही बयान देना चाहिए. बेरहामपुर, ओडिशा में चक्रवात के कारण हुई भारी बारिश के बाद जलभराव से निपटने के लिए प्रशासन ने राहत कार्य तेज कर दिए हैं. मुख्य अग्निशमन अधिकारी रमेश चंद्र माझी ने बताया कि गुरुवार को बरहामपुर शहर में 10 स्थानों पर हाई कैपेसिटी पंप लगाकर पानी निकाला गया. शुक्रवार को बरहामपुर शहर के अलावा दिगपहांडी ब्लॉक के बस स्टैंड और बाजार क्षेत्र, आस्का तथा बुगुडा में करीब 30 जगहों पर पंप लगाए गए हैं. उन्होंने बताया कि कई इलाकों में अब पानी का स्तर कम हो चुका है और जल निकासी का काम जारी है. धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने कांग्रेस सरकार पर चुनावी वादे पूरे नहीं करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि . उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये, पांच लाख युवाओं को रोजगार और 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था, लेकिन चार साल बाद भी 10 गारंटियों में से एक भी पूरी नहीं हुई. सिसोदिया ने दावा किया कि प्रदेश की महिलाएं और युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उनकी आवाज बनकर सड़कों पर उतरी है और सत्ता में आने पर सभी वादे पूरे करेगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर बात कर उनकी माता सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. इस दौरान प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री के प्रति संवेदना जताई और दुख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी. योगी आदित्यनाथ की माता का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली. मां के निधन की खबर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार में शोक का माहौल है. कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी इस दुखद घटना पर संवेदनाएं व्यक्त की हैं.गांधीनगर, गुजरात में उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने ‘नशामुक्त गुजरात’ अभियान की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की. यह अभियान 1 दिसंबर से पूरे राज्य में शुरू होने वाला है. बैठक में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई. सरकार की ओर से इस अभियान के जरिए नशे की रोकथाम और लोगों को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा. अभियान शुरू होने से पहले संबंधित विभागों के बीच समन्वय और तैयारियों की समीक्षा भी की गई.केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बर्ड फ्लू से बचाव के लिए विकसित भारत की पहली स्वदेशी वैक्सीन को बड़ी उपलब्धि बताया है. उन्होंने कहा कि बर्ड फ्लू फैलने पर बड़ी संख्या में मुर्गियों को मारना पड़ता है और इंसानों में संक्रमण का खतरा भी रहता है. देश में अब तक 500 बार इस बीमारी का प्रकोप सामने आ चुका है. भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने स्वदेशी वैक्सीन विकसित की है. शिवराज सिंह चौहान के मुताबिक, यह वैक्सीन मुर्गियों को बर्ड फ्लू से सुरक्षित रखने में मदद करेगी. इसे 20 नवंबर को देश को समर्पित किया जाएगा.अमृतसर, पंजाब में सांसद अमृतपाल सिंह की दादी के अंतिम संस्कार से पहले पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. अमृतसर के SSP कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि न्यायालय के आदेशों का पालन कराना पुलिस की प्राथमिकता है. इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद है. उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के दौरान परिवार के सदस्यों की भावनाओं और पारंपरिक रीति-रिवाजों का ध्यान रखा जाएगा. साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अदालत की ओर से लगाई गई पाबंदियों का पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं.दिल्ली के जनकपुरी इलाके में 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पश्चिमी जिले के अतिरिक्त DCP सौरभ चंद्रा के मुताबिक, 14 तारीख को पुलिस को इस संबंध में PCR कॉल मिली थी. शिकायतकर्ता के घर पर एक धमकी भरा पत्र पहुंचाया गया था, जिसमें 60 लाख रुपये देने की मांग की गई थी. आरोपी ने पत्र पहुंचाने का वीडियो बनाकर शिकायतकर्ता की पत्नी के व्हाट्सएप पर भी भेजा था. जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज और मोबाइल फोन की मदद से मुख्य आरोपी की पहचान की. उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दिल्ली में आयोजित ‘पीएम स्वनिधि सम्मान पुरस्कार 2026’ समारोह में पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर शहर को डिजिटल इनोवेशन श्रेणी में पहला स्थान मिला. इस उपलब्धि पर पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने खुशी जताई. उन्होंने बताया कि 10 लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दुर्गापुर को यह सम्मान मिला है. वहीं, ऋण वितरण श्रेणी में पश्चिम बंगाल को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ. अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पहले राज्य में इस दिशा में पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जबकि मौजूदा सरकार की प्राथमिकताओं में ऐसी योजनाएं शामिल हैं. उन्होंने इस उपलब्धि को उत्साहवर्धक बताया. चंडीगढ़ में कांग्रेस नेता हरनाम सिंह ने छत्तीसगढ़ का नया AICC प्रभारी सचिव नियुक्त किए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताया. उन्होंने मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को धन्यवाद देते हुए कहा कि एक मध्यम वर्गीय परिवार से आने वाले व्यक्ति पर भरोसा जताना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है. उन्होंने छत्तीसगढ़ में पार्टी के लिए संघर्ष करने की बात कही. वहीं, पंजाब की कानून-व्यवस्था पर निशाना साधते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में गैंगस्टर गतिविधियां, वसूली और नशे से जुड़ी घटनाएं बढ़ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि पंजाब में बदलाव की जरूरत है और कांग्रेस सुशासन दे सकती है. दिल्ली में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरु नानक जयंती के अवसर पर कहा कि गुरु नानक देव के भाईचारे, शांति और सेवा के संदेश को दुनियाभर में पहुंचाना हर भारतीय का दायित्व है. अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित शब्द कीर्तन कार्यक्रम में सिख समुदाय के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए. रिजिजू ने कहा कि भारत में सभी धर्मों के त्योहार मनाए जाते हैं और हर धर्म के गुरुओं के संदेशों का सम्मान किया जाता है. उन्होंने बताया कि देशभर में गुरु नानक जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारियां की जाएंगी. जयपुर, राजस्थान में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पर्यटन, कला और संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक की. बैठक में बजट घोषणाओं के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई. दीया कुमारी ने बताया कि सभी काम निर्धारित समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रहे हैं. इसके अलावा आगामी पर्यटन सीजन की तैयारियों, पर्यटकों की सुरक्षा और जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की गई. उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन को बेहतर बनाने के लिए सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है. सरकार का उद्देश्य राजस्थान में पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करना है. मदुरै, तमिलनाडु में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर उत्साह बढ़ गया है. सुप्रीम कोर्ट ने अंतरिम व्यवस्था के तहत 24 नवंबर 2026 को तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘दीपाथून’ में कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दे दी है. इस फैसले के बाद हिंदू मुन्नानी और भाजपा के सदस्यों ने मंदिर के सामने जश्न मनाया. पहाड़ी पर दीप जलाने की अनुमति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम व्यवस्था के बाद श्रद्धालुओं में खुशी देखी जा रही है. मदुरै में इस फैसले को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. लखनऊ | उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा, “भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर और उत्तर प्रदेश के युवाओं साथियों व महिलाओं को साथ लेकर बूथ स्तर पर जाएगी। समाजवादी पार्टी-कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल को लोकसभा में रोक कर महिलाओं के अधिकार को रोकने का काम किया था। प्रदेश की आधी आबादी, हमारी बहनें समाजवादी पार्टी को इसका मुंहतोड़ जवाब देने का काम करेगी…
उत्तराखंड के चम्पावत जिले में सहकारिता विभाग की ओर से आयोजित मेले में सैकड़ों किसानों ने किया प्रतिभाग। किसानों को ब्याज मुक्त ऋण सहित विभिन्न योजनाओं की दी गई जानकारी।
नयी दिल्ली: 20 नवंबर – केंद्र सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत निर्धारित दिव्यांगता की आठ श्रेणियों के आकलन के लिए संशोधित दिशानिर्देश अधिसूचित किए हैं। ये दिशानिर्देश मार्च 2024 में जारी नियमों की जगह लेंगे।
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से 18 नवंबर को जारी दिशानिर्देशों में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, दृष्टिबाधित होने, श्रवण बाधित होने, वाणी एवं भाषा संबंधी दिव्यांगता, विशिष्ट अधिगम (लर्निंग) दिव्यांगता, बौद्धिक दिव्यांगता, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, मानसिक रोग, रक्त संबंधी विकार, बहुदिव्यांगता और दीर्घकालिक तंत्रिका संबंधी विकारों को शामिल किया गया है।
नयी दिल्ली: 20 नवंबर – जीएसटी अधिकारियों ने हरियाणा के रेवाड़ी में एक पान मसाला विनिर्माण इकाई द्वारा 116 करोड़ रुपये के उपकर की चोरी के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
इकाई का संचालन करने वाली फर्म ने अपनी चालू मशीनों की घोषणा नहीं की थी, जो ‘स्वास्थ्य सुरक्षा से राष्ट्रीय सुरक्षा’ (एचएसएनएस) उपकर अधिनियम, 2025 के तहत एक अपराध है।
नयी दिल्ली: 20 नवंबर- कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर उद्योग जगत में भय और धमकी का वातावरण पैदा करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि और कहा कि उन्हें अपनी सरकार के कामकाज और नीतियों को लेकर आत्मचिंतन करना चाहिए।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री के फिक्की में दिए संबोधन का हवाला देते हुए यह दावा भी किया कि मोदी को इस बात का एहसास हो गया है कि वह जल्द ही ‘‘निवर्तमान प्रधानमंत्री’’ बनने वाले हैं और ‘‘झोला उठाकर जाते समय’’ वह सबको बदनाम करना चाहते हैं।
देहरादून: 20 नवंबर – उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार को पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित उनके पैतृक गांव में निधन हो गया।
पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सर्वेश पंवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से उनके निधन की पुष्टि की। पंवार ने बताया कि सावित्री देवी का निधन जिले के पंचूर गांव में हुआ।
उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। पंवार ने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के सदस्यों के संपर्क में हैं।
भुवनेश्वर: ओडिशा में शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास तट से टकराए चक्रवात ‘अकवान’ के कारण अब तक बड़े नुकसान या किसी की मौत की खबर नहीं है लेकिन इसके प्रभाव से राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है। राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली: वाणिज्य मंत्रालय के तहत विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने कच्ची चीनी के आयात के लिए उपलब्ध कोटे का आवंटन करने के मकसद से शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) योजना के तहत एकबारगी आवेदन की सुविधा शुरू की है।
इस साल अगस्त में अधिसूचित 10 लाख टन कच्ची चीनी के कुल शुल्क दर कोटे में से पात्र चीनी मिलों और रिफाइनरी इकाइयों को कुल 8,12,450 टन का आवंटन किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां का निधन, उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में ली अंतिम सांस, 91 साल की थीं, पैतृक गांव पंचुर में ली अंतिम सांस,
बताया जा रहा है कि मां के निधन की खबर मिलने के वक्त सीएम योगी गोरखपुर में एक कार्यक्रम में शामिल थे, जहां 50 हजार छात्रों को टैबलेट वितरित किए जा रहे थे। सूचना मिलने के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा। वहीं, रिपोर्ट्स के अनुसार योगी आदित्यनाथ अपनी मां के अंतिम दर्शन के लिए पंचुर पहुंच सकते हैं।
नयी दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार को इस मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, सफदरजंग और आया नगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। दोनों स्थानों पर यह 10.5 डिग्री सेल्सियस रहा। सफदरजंग में यह सामान्य से 1.8 डिग्री कम जबकि आया नगर में 2.2 डिग्री कम रहा।
शिमला: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बुधवार को कहा कि आने वाले वर्षों में कृषि अधिक लाभकारी व्यवसाय बनने जा रही है और राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि करना है। उन्होंने किसानों से अपनी जमीन नहीं बेचने की भी अपील की और उन्हें प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
तिरुवनंतपुरम: केरलम सरकार ने धान की खरीद के लिए उसकी आपूर्ति करने वाले किसानों को दिए जाने वाले राज्य प्रोत्साहन बोनस की चौथी किस्त के रूप में 49.96 करोड़ रुपये जारी किए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य के खाद्य मंत्री अनूप जैकब के अनुरोध और मुख्यमंत्री वी डी सतीशन के निर्देश पर यह राशि तत्काल जारी की गई।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री और जेडी(यू) प्रमुख नीतीश कुमार से मिलने उनके आवास पहुंचे. उन्होंने नीतीश कुमार को 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से होने वाले ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया.
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ISBT कश्मीरी गेट पर 100 नई इलेक्ट्रिक बसों का उद्घाटन किया. इन बसों में दिल्ली से हापुड़ के बीच चलने वाली अंतरराज्यीय बस सेवा भी शामिल है. इससे दिल्ली और आसपास के शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है.
पंजाब के बठिंडा जिले में अनाज मंडियों के निरीक्षण के दौरान गड़बड़ी मिलने पर पांच आढ़तियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं. डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान ने कहा कि रामां और तलवंडी साबो की मार्केट कमेटियों ने यह कार्रवाई की है. जांच टीमों को मंडियों में अलग-अलग किसानों के धान की ढेरियां आपस में मिली हुई मिलीं.
पिछले कई महीनों से महंगे चल रहे प्याज की कीमतों में अब नरमी आने लगी है. राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात और कर्नाटक जैसे प्रमुख उत्पादक राज्यों में खरीफ प्याज की नई फसल की आवक शुरू होने से मंडियों और खुदरा बाजार में दाम घटने लगे हैं. खास बात यह है कि होलसेल में प्याज 15 रुपये किलो तक सस्ता हो गया है. कारोबारियों और अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले महीनों में प्याज की उपलब्धता और बढ़ने की उम्मीद है. इससे कीमतों में और गिरावट आ सकती है.
भारत ने पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित देश की पहली स्वदेशी H5N1 चिकन वैक्सीन को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज देश को समर्पित करेंगे. इस वैक्सीन को मुर्गियों में बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाव के लिए विकसित किया गया है.
ओडिशा के गोपालपुर में लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है. यहां सबसे ज्यादा 166 मिमी बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक गौशाला का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने गौशाला में गायों की देखभाल और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में कांग्रेस नेता अजय राय ने सपा नेता आजम खान को अंतरिम जमानत मिलने का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि आजम खान एक सम्मानित राजनेता हैं और हाईकोर्ट ने उन्हें जमानत दी है. अजय राय ने कहा कि आजम खान ने जौहर विश्वविद्यालय बनवाकर एक बड़ा काम किया है. वे जनता के नेता हैं और उनके काम करने का तरीका लोगों को पसंद है. अजय राय ने उम्मीद जताई कि आजम खान के आने से INDIA गठबंधन और मजबूत होगा.
ओडिशा के गोपालपुर इलाके में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव हो गया है. गोपालपुर में सबसे ज्यादा 166 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश के चलते स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने पंजाब के मोगा जिले में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ने पर डिप्टी कमिश्नर (DC) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. आयोग ने पराली जलाने से रोकने के लिए दिए गए निर्देशों का सही तरीके से पालन नहीं करने और जमीनी स्तर पर निगरानी में लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि है. आयोग ने डीसी से 23 नवंबर को शाम 5 बजे तक जवाब मांगा है. नोटिस में पूछा गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर उनके खिलाफ CAQM एक्ट, 2021 की धारा 14 के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए. आयोग ने चेतावनी दी है कि तय समय में जवाब नहीं मिलने पर यह माना जाएगा कि अधिकारी को इस मामले में कुछ नहीं कहना है. इसके बाद उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में देवउठनी एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने यमुना नदी में स्नान किया और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना की.
दिल्ली के आनंद विहार इलाके में वायु प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में बना हुआ है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 267 दर्ज किया गया है. इस स्तर की हवा में सांस लेने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है.
दिल्ली स्थित शोध संस्थान इंडिया फाउंडेशन ने भारत में तंबाकू से जुड़े नियमों के आर्थिक असर की समीक्षा करने की मांग की है. संस्थान ने अपनी नई रिपोर्ट में सिगरेट निर्माण के क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) पर लगी 16 साल पुरानी रोक हटाने का सुझाव दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय और विदेशी कंपनियों के लिए उत्पादन क्षमता और तंबाकू किसानों के कल्याण से जुड़े समान नियम बनाए जाने चाहिए.
ओडिशा के गोपालपुर तट पर चक्रवात ‘अकवान’ का असर दिखने लगा है. समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं. इलाके में भारी बारिश हो रही है और तेज हवाएं चल रही हैं.
अमेरिका के इलिनोइस में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत को लेकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मिलकर काम करने की गुंजाइश है, लेकिन पाकिस्तान को पहले भारत में आतंकवाद को समर्थन देना बंद करना होगा. राहुल गांधी ने कहा कि यह बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जा सकता कि पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा दे और निर्दोष लोगों की जान जाती रहे. ऐसी स्थिति में पाकिस्तान के साथ बातचीत करना संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि जिस दिन पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद को समर्थन देना बंद हो जाएगा, उस दिन दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू होने की संभावना बन सकती है.
सरकार के गेहूं भंडार से हुई ताजा ई-नीलामी में गेहूं की कीमतों में तेजी देखने को मिली है. एक हफ्ते के भीतर अलग-अलग राज्यों में गेहूं के औसत दाम 96 से 260 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गए हैं. मिलर्स और कारोबारियों के मुताबिक, गेहूं की कीमतें अब बाजार भाव के करीब पहुंच रही हैं. वहीं, नीलामी में सफल बोलीदाताओं की संख्या में कमी आई है. खासकर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इसका असर देखने को मिला है. इसकी वजह सरकार की ओर से एक बोलीदाता के लिए गेहूं खरीद की अधिकतम सीमा 300 टन से बढ़ाकर 500 टन करना है.
दिल्ली पुलिस और नोएडा STF की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में मुठभेड़ के दौरान कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मार गिराया है. नसीम पर समीर नाम के युवक की हत्या में शामिल होने का आरोप था. समीर को दो दिन पहले कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर गोली मारी गई थी. घटना के बाद से ही पुलिस टीमें नसीम की तलाश में जुटी थीं. जांच के दौरान पुलिस को उसके बुलंदशहर में छिपे होने की जानकारी मिली. इसके बाद संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए अभियान चलाया, इसी दौरान मुठभेड़ हो गई और नसीम मारा गया. बताया जा रहा है कि नसीम गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या की साजिश में भी शामिल था. आरोप है कि उसने इसके लिए सुपारी भी ली थी. फिलहाल पुलिस के ऑपरेशन और मुठभेड़ को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग के मुताबिक, कई राज्यों में भारी बारिश हो सकती है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. चक्रवाती तूफान अकवान के करीब आने से ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में चिंता बढ़ गई है. यहां हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. तेज हवाओं के साथ भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. इससे फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. साथ ही पेड़ और बिजली के खंभे गिरने का खतरा भी है. वहीं, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड बढ़ने और घना कोहरा छाने की संभावना है.
Agriculture News in Hindi Live Updates: मॉनसून की विदाई हो चुकी है मौसम ने ठंड का रुख लेना शुरू कर दिया है. दिल्ली में शाम होते ही कोहरे की चादर दिखने लग रही है और सुबह तापमान नीचे लुढ़क जाता है. अर्नब और मुरासु चक्रवात के चलते अभी तटीय राज्यों में तेज हवाएं ठंड को बढ़ा रही हैं. जबकि, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में तापमान तेजी से नीचे गया है. उत्तर प्रदेश समेत उत्तर भारत (Weather Today) के कुछ हिस्सों में मौसम की करवट ने ठिठुरन बढ़ा दी है. दिल्ली एनसीआर में मौसम हर रोज बदल रहा है. (Delhi Weather Latest Updates). वहीं, पंजाब और हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने से मौसम में तेज बदलाव देखा जा रहा है. उत्तराखंड समेत पहाड़ी हिस्सों में बर्फबारी दर्ज की जा रही है.