एग्रीवेट: Kharif Harvesting: खरीफ फसलों की कटाई का समय अब नजदीक है. ऐसे में किसानों को फसल काटने से पहले कुछ जरूरी सावधानियां बरतनी चाहिए. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, कटाई का सही समय, मौसम की जानकारी, मशीनों की तैयारी और फसल में नमी की जांच करना बेहद जरूरी है. थोड़ी सी लापरवाही से उपज की गुणवत्ता और मात्रा दोनों प्रभावित हो सकती हैं.
कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, किसान कटाई शुरू करने से पहले खेत में जाकर फसल की स्थिति जरूर देखें. फसल पूरी तरह पकने के बाद ही उसकी कटाई करना बेहतर होता है. अगर फसल को समय से पहले काट लिया जाए तो दाने पूरी तरह विकसित नहीं हो पाते और उपज कम हो सकती है. वहीं, फसल को बहुत ज्यादा देर तक खेत में छोड़ना भी नुकसानदायक हो सकता है. ज्यादा देरी होने पर दाने झड़ने, पक्षियों से नुकसान होने या फसल खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए फसल की अवस्था देखकर ही कटाई की तारीख तय करनी चाहिए.
प्रमोद कुमार बताते हैं कि कटाई शुरू करने से पहले किसानों को मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखना चाहिए. अगर बारिश की संभावना है तो कटाई को कुछ समय के लिए टालना बेहतर रहेगा. बारिश के दौरान या उसके तुरंत बाद खेत में ज्यादा नमी होने पर फसल को नुकसान पहुंच सकता है. कटाई के लिए इस्तेमाल होने वाले हंसिया, कंबाइन और दूसरे कृषि उपकरणों की भी पहले से जांच कर लेनी चाहिए. मशीन से कटाई करने वाले किसान मशीन की सफाई, ब्लेड और दूसरे जरूरी हिस्सों की जांच कर लें. इससे कटाई के समय मशीन खराब होने की समस्या से बचा जा सकता है.
कटाई से पहले खेत से खरपतवार, प्लास्टिक, पत्थर और दूसरी अनावश्यक चीजें हटा देनी चाहिए. कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, खेत की सफाई रहने से कटाई के दौरान परेशानी कम होती है और फसल में बाहरी सामग्री मिलने की संभावना भी घट जाती है. मशीन से कटाई करने वाले किसानों को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि मशीन में पहले की फसल के अवशेष न हों. मशीन की अच्छी तरह सफाई करने से अनाज की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलती है.