एग्रीवेट: उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों से अब मॉनसून विदा हो रहा है. अगले दो दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से मॉनसून पूरी तरह से खत्म हो जाएगा. मौसम विभाग के अनुसार, सितंबर के साथ ही मॉनसून का आधिकारिक सीजन समाप्त हो चुका है और अब अक्टूबर की शुरुआत हो गई है. उत्तर भारत में जहां मौसम साफ हो रहा है, वहीं दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने शुक्रवार यानी 2 अक्टूबर के लिए केरल समेत दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश, बिजली कड़कने और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है.
तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में बड़े पैमाने पर भारी बारिश होने का अनुमान है. इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है.
उत्तर भारत से मॉनसून की विदाई के बीच देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, कल मध्य भारत के राज्यों में छिटपुट बारिश देखने को मिल सकती है. पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हल्की बरसात होने के आसार हैं.
पूर्वी भारत के हिस्सों में भी मौसम का असर दिखेगा. अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और गांगेय पश्चिम बंगाल में छिटपुट बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में बिजली कड़कने और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान इन इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
इसके अलावा, पूर्वोत्तर भारत के सभी सात राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी छिटपुट बारिश होने का अनुमान है. इन पूर्वोत्तर राज्यों के लिए भी कल तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है.
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम साफ होने लगा है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और धूप खिली रहेगी. वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में आसमान पूरी तरह से साफ रहेगा. यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसी तरह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. दिनभर मौसम साफ रहेगा, जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है.
वहीं, बिहार की राजधानी पटना में दिन के समय मौसम खुला रहेगा, हालांकि शाम के वक्त हल्के बादल छाने की संभावना है. यहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहेगा. चंडीगढ़ में भी आज बारिश नहीं होगी. यहां का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.