एग्रीवेट: देश के कई हिस्सों में मौसम का असर देखने को मिलेगा. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार यानी 4 नवंबर को छह राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, ओडिशा और तेलंगाना में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, दक्षिण, मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. यह अलर्ट भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु के दक्षिणी आंध्र प्रदेश तट को पार करने के एक दिन बाद जारी किया गया है. तूफान के दौरान 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली थीं. वहीं, हवा के झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी.
मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर को आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है. यहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा, कुछ इलाकों में तेज सतही हवाएं चलने का भी अनुमान है. मौसम विभाग के मुताबिक, 4 नवंबर की सुबह 5:30 बजे तक दोनों राज्यों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का मध्यम खतरा बना हुआ है.
अनूपपुर: पराली जलाने के बजाय खेत में मिलाएं, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं – एग्रीवेट
आंध्र प्रदेश के बापटला, गुंटूर, एनटीआर, कृष्णा, एलुरु, पलनाडु, प्रकाशम और एसपीएसआर नेल्लोर जिलों में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, तेलंगाना के नलगोंडा, नागरकुरनूल और सूर्यापेट जिलों में भी अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई गई है. वहीं,मौसम विभाग ने बुधवार यानी 4 नवंबर को छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दोनों राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. इसके अलावा छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
झारखंड में बुधवार यानी 4 नवंबर को कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 3 और 4 नवंबर को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
कर्नाटक के तटीय और दक्षिणी आंतरिक इलाकों में भी भारी बारिश होने की आशंका है. राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. तटीय कर्नाटक में कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 नवंबर को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 3 से 8 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है.
मौसम विभाग के मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय कई मौसमी सिस्टम की वजह से बारिश हो रही है. भीषण चक्रवाती तूफान मुरासु ने 3 नवंबर की सुबह 3:30 से 5:30 बजे के बीच आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के पास दस्तक दी. सुबह 5:30 बजे यह दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर केंद्रित था. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, यह तूफान धीरे-धीरे कमजोर होकर दोपहर तक चक्रवाती तूफान में बदलने वाला था. इसके बाद आधी रात तक इसके और कमजोर होकर गहरे दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई थी. इसके अलावा, पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है. यह मध्य और ऊपरी वायुमंडल में एक ट्रफ के रूप में मौजूद है. पूर्वोत्तर असम और पूर्वी राजस्थान के ऊपर भी चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है.