पोल्ट्री किसानों के लिए ऐतिहासिक दिन, शिवराज चौहान ने देश को समर्पित की H5N1 की पहली देसी वैक्सीन – एग्रीवेट

Team Agrivate
7 Min Read

एग्रीवेट: Bird Flu Vaccine: देश के पोल्ट्री क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. बर्ड फ्लू जैसी खतरनाक बीमारी से मुर्गियों को बचाने के लिए भारत ने अपनी पहली स्वदेशी H5N1 वैक्सीन विकसित की है. भोपाल स्थित ICAR-NIHSAD के वैज्ञानिकों ने इस वैक्सीन को तैयार किया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) आज यानी (20 नवंबर) को इसे देश को समर्पित की. इस वैक्सीन से पोल्ट्री किसानों को बीमारी से होने वाले भारी आर्थिक नुकसान से राहत मिलने की उम्मीद है. साथ ही, मुर्गियों से दूसरे जानवरों और इंसानों में संक्रमण फैलने का खतरा कम करने में भी मदद मिल सकती है.

भारत में बर्ड फ्लू  के खिलाफ टीकाकरण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है. भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हाई सिक्योरिटी एनिमल डिसीज (NIHSAD) ने पहली स्वदेशी इनएक्टिवेटेड H5N1 हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा (HPAI) वैक्सीन विकसित की है. यह वैक्सीन मुर्गियों को बर्ड फ्लू के खतरनाक वायरस से सुरक्षा देने के उद्देश्य से तैयार की गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान इसे लॉन्च करेंगे. इससे पशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश की स्वदेशी अनुसंधान क्षमता को भी मजबूती मिलेगी.

हाईली पैथोजेनिक एवियन इन्फ्लूएंजा को आमतौर पर बर्ड फ्लू कहा जाता है. यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक बीमारी है. इसके संक्रमण से बड़ी संख्या  में पक्षियों की मौत हो सकती है. कई बार बीमारी को फैलने से रोकने के लिए पूरे झुंड को मारना पड़ता है. इसके अलावा पोल्ट्री उत्पादों के व्यापार पर प्रतिबंध लगने से किसानों और कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. भारत में वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू का पहला मामला सामने आया था. इसके बाद H5N1 और H5N8 सबटाइप के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं. सरकारी अनुमानों के मुताबिक, बड़े स्तर पर संक्रमण फैलने से देश की जीडीपी वृद्धि में 1.5 प्रतिशत तक की कमी आ सकती है और 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी खतरे में पड़ सकती है.

बर्ड फ्लू केवल पक्षियों  तक सीमित रहने वाली बीमारी नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए भी चिंता का विषय है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 संक्रमण के 1,003 मानवीय मामले सामने आए हैं. इनमें 479 लोगों की मौत हुई है. वैज्ञानिक अध्ययनों के मुताबिक, मुर्गियों में संक्रमण फैलाने के लिए H5N1 क्लेड 2.3.2.1A स्ट्रेन प्रमुख रूप से जिम्मेदार रहा है. हाल के वर्षों में स्तनधारी जानवरों में भी इसके संक्रमण के मामले सामने आए हैं. ऐसे में इस वायरस पर नियंत्रण करना और भी जरूरी हो गया है.

ICAR-NIHSAD की ओर से विकसित यह वैक्सीन मुर्गियों  को H5N1 के खतरनाक स्ट्रेन से बचाने में मदद करेगी. इससे पोल्ट्री फार्म में संक्रमण का खतरा कम करने और पक्षियों की मृत्यु को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है. बीमारी पर नियंत्रण होने से किसानों को झुंड के नुकसान और व्यापार में आने वाली बाधाओं से राहत मिल सकती है. इसके अलावा, मुर्गियों से दूसरे जानवरों और इंसानों तक वायरस के फैलने की आशंका को सीमित करने में भी टीकाकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है. भारत की यह स्वदेशी वैक्सीन पशुपालन और पोल्ट्री क्षेत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ देश को पशु रोगों से निपटने के लिए आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम उपलब्धि साबित हो सकती है.

Share This Article