एग्रीवेट: मध्य प्रदेश सरकार किसानों को कृषि यंत्र आधे पर उपलब्ध करा रही है. किसानों से आवेदन करने की अपील की गई है. इसके लिए आवेदन विंडो खोल दी गई है. फसलों की बुवाई से लेकर कटाई तक के लिए पैडी राइस ट्रांसप्लांटर समेत कई आधुनिक उपकरण दिए जा रहे हैं. किसानों के पास आवेदन के लिए 6 अक्टूबर अंतिम तिथि तय की गई है.
ई-कृषि यंत्र अनुदान पोर्टल पर विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान पाने के लिए किसानों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. खंडवा जिले के इच्छुक किसान 24 सितंबर से 6 अक्टूबर तक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. अन्य जिलों के लिए भी आवेदन विंडो खोली गई है. किसान जिला कृषि कार्यालय में सहायक कृषि यंत्री अधिकारी से संपर्क कर आवेदन की तारीखों की जानकारी ले सकते हैं.
खंडवा जिला कृषि विभाग के अनुसार योजना के तहत मल्चर, बेलर, स्लेशर, स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम, स्ट्रॉ रेक और रोटोकल्टीवेटर कृषि यंत्र शामिल किए गए हैं. किसान इन यंत्रों के लिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदनों की लॉटरी 7 अक्टूबर को खोली जाएगी और विजेता किसानों को यंत्र सौंपे जाएंगे. उन्होंने बताया कि कृषकों को आवेदन के साथ अपने स्वयं के बैंक खाते से सहायक कृषि यंत्री खंडवा के नाम निर्धारित धरोहर राशि का डिमांड ड्राफ्ट जमा करना जरूरी होगा. धरोहर राशि के बिना आवेदन मान्य नहीं होगा.
कृषि यंत्रों पर सब्सिडी की बात करें तो किसानों को पात्रता और श्रेणी के अनुसार इन कृषि यंत्रों पर अधिकतम 50 फीसदी तक अनुदान दिया जाएगा. अनुदान की वास्तविक राशि संबंधित यंत्र की स्वीकृत लागत, किसान की श्रेणी और शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार तय होगी. चयनित किसानों को ही निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद अनुदान दर पर कृषि यंत्र खरीदने की सुविधा मिलेगी.
किसान ई-कृषि यंत्र अनुदान योजना के लिए मध्य प्रदेश सरकार के पोर्टल e-krishi yantra anudan ( पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए किसान का समग्र आईडी, आधार नंबर, बैंक खाते से डीबीटी (DBT) सक्रिय होना, भूमि संबंधी दस्तावेज और आवश्यक पहचान पत्र होना जरूरी है. किसान केवल उन्हीं कृषि यंत्रों के लिए आवेदन कर सकेंगे जिनके लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं. चयन के बाद निर्धारित समय सीमा में अधिकृत विक्रेता से कृषि यंत्र खरीदकर आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे, तभी अनुदान की राशि स्वीकृत की जाएगी.