एग्रीवेट: Gold-Silver Rate Today: धनतेरस और दिवाली से पहले सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बाजार से मिला-जुला संकेत है. पिछले कुछ दिनों में सोने की कीमतों में आई गिरावट के बाद अब फिर से तेजी देखने को मिल रही है. कम भाव पर खरीदारी बढ़ने और त्योहारों के चलते बाजार में मांग आने से सोने की कीमतों को सहारा मिला है. वहीं, चांदी की चाल फिलहाल थोड़ी कमजोर नजर आ रही है. तीन दिन तक भाव स्थिर रहने के बाद आज इसमें गिरावट दर्ज की गई है.
भारत में धनतेरस और दिवाली पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है. इस बार 6 नवंबर को धनतेरस और 8 नवंबर को दिवाली है. ऐसे में इन त्योहारों से पहले लोग सोने-चांदी के भाव पर नजर बनाए हुए हैं.
रबी बुवाई से पहले किसानों के लिए बड़ा अपडेट, खाद-बीज को लेकर शिवराज सिंह का सख्त निर्देश—पढ़ें इनसाइड स्टोरी – एग्रीवेट
सोने की कीमतों में हाल के दिनों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है. एक दिन तक भाव स्थिर रहने के बाद लगातार चार दिनों में 24 कैरेट सोने के 10 ग्राम की कीमत 770 रुपये बढ़ गई. वहीं, 22 कैरेट सोना भी 710 रुपये महंगा हुआ है. हालांकि, इससे पहले सोने के भाव में बड़ी गिरावट आई थी. लगातार दो दिनों में 24 कैरेट सोने का 10 ग्राम भाव 5,090 रुपये तक टूट गया था. इसी तरह 22 कैरेट सोना भी 4,650 रुपये सस्ता हुआ था.
अब कम कीमत पर खरीदारी और त्योहारों की मांग बढ़ने से सोने को फिर से सहारा मिलता दिख रहा है. आज राजधानी दिल्ली में भी सोने के भाव में मामूली तेजी आई है. यहां 24 कैरेट और 22 कैरेट, दोनों तरह के सोने के 10 ग्राम भाव में 10 रुपये की बढ़ोतरी हुई है.
देश के अलग-अलग शहरों में सोने की कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. दिल्ली, लखनऊ और जयपुर में 24 कैरेट सोने का भाव 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम है. वहीं मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद में यह 1,39,650 रुपये पर है.
सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में आज गिरावट आई है. लगातार तीन दिनों तक भाव स्थिर रहने के बाद एक किलो चांदी 100 रुपये सस्ती हो गई. दिल्ली में इसका भाव घटकर 1,99,900 रुपये प्रति किलो पर आ गया है. मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में भी चांदी इसी कीमत पर बिक रही है.
इससे पहले 29 से 31 अक्टूबर के बीच चांदी की कीमत में लगातार गिरावट आई थी और तीन दिनों में एक किलो चांदी 20,000 रुपये तक सस्ती हो गई थी. औद्योगिक मांग में सुस्ती भी चांदी की कीमतों पर असर डाल रही है.
आने वाले दिनों में अमेरिका से जारी होने वाले आर्थिक आंकड़ों पर निवेशकों की नजर रहेगी. इनमें सितंबर का अंतरराष्ट्रीय व्यापार आंकड़ा और अक्टूबर के सर्विस सेक्टर से जुड़े पीएमआई आंकड़े शामिल हैं. इनसे अमेरिकी ब्याज दरों और डॉलर की चाल को लेकर संकेत मिल सकते हैं.
इसके अलावा भारत में रुपये की स्थिति, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी के भाव और त्योहारों के दौरान घरेलू मांग भी कीमतों को प्रभावित करेगी. यानी धनतेरस और दिवाली से पहले दोनों धातुओं के भाव में आगे भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.