एवरेस्ट जीरा पाउडर पर FSSAI का बड़ा एक्शन! जांच में मिले तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: FSSAI Action on Everest: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाली दो कंपनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है. एक मामले में क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का फूड लाइसेंस तुरंत सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं, एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक खास बैच को बाजार से वापस लेने का आदेश दिया गया है. जांच में एक तरफ बेकरी में साफ-सफाई की गंभीर कमियां मिलीं, तो दूसरी तरफ जीरा पाउडर के सैंपल में तय सीमा से ज्यादा कीटनाशक अवशेष पाए गए.

FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की बैच नंबर E080668761 को बाजार से वापस लेने का निर्देश दिया है. इस उत्पाद का सैंपल गोवा के एक रिसॉर्ट परिसर से लिया गया था. जांच में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के कीटनाशकों के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए. इसके बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत इस सैंपल को खाने के लिए असुरक्षित घोषित किया गया.

पहली जांच में सैंपल फेल होने के बाद कंपनी को इसके खिलाफ अपील करने का मौका दिया गया. इसके बाद सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल फूड लैब भेजा गया. दोबारा हुई जांच में भी दोनों कीटनाशकों के अवशेष तय सीमा से ज्यादा पाए गए. रेफरल लैब ने भी जीरा पाउडर के सैंपल को असुरक्षित माना. इसके बाद FSSAI ने संबंधित पूरी बैच को बाजार से तुरंत वापस लेने का आदेश दिया. कंपनी को वापस लिए गए उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और तय समय के अंदर इसकी जानकारी FSSAI को देने को कहा गया है. साथ ही, भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए जरूरी सुधार करने के निर्देश भी दिए गए हैं.

दूसरी कार्रवाई क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की गई है. FSSAI की जांच में बेकरी के फूड प्रोडक्शन और खाद्य पदार्थ संभालने वाले हिस्से में साफ-सफाई की गंभीर कमियां मिलीं. जांच के दौरान वहां ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं. जल्दी खराब होने वाले कच्चे खाद्य पदार्थ खुले में रखे हुए थे. कच्चे और आधे तैयार सामान के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल भी पाया गया.

जांच में बेकरी परिसर में कीड़ों की समस्या भी सामने आई. पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी. मक्खियों और चूहों को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे. इसके अलावा खिड़कियों और दूसरे खुले हिस्सों पर कीड़ों को अंदर आने से रोकने वाली जालियां भी नहीं लगी थीं. खाद्य पदार्थों के आसपास इस तरह की कमियां खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर मानी जाती हैं.

FSSAI की जांच में फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया हुआ सामान और स्क्रैप भी मिला. कुछ मशीनों पर जंग लगी थी. दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था और कई जगह सीलन थी. कुछ फर्श की टाइलें भी टूटी हुई पाई गईं. इसके अलावा पानी और तैयार खाद्य पदार्थों की जांच, तापमान की निगरानी, मशीनों के रखरखाव, मॉक रिकॉल, ग्राहकों की शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट से जुड़े रिकॉर्ड भी सही तरीके से नहीं रखे गए थे.

इन सभी कमियों को देखते हुए FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स का फूड लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. कंपनी को लाइसेंस सस्पेंड रहने के दौरान सभी खाद्य कारोबार गतिविधियां बंद रखने का निर्देश दिया गया है.

Share This Article