एग्रीवेट: 30 सितंबर 2026, नई दिल्ली: ICARDA के महानिदेशक बने डॉ. निसार हद्दाद – अंतरराष्ट्रीय शुष्क क्षेत्र कृषि अनुसंधान केंद्र (ICARDA) के महानिदेशक के रूप में डॉ. निसार हद्दाद 1 अक्टूबर 2026 से कार्यभार संभालेंगे। उनके नेतृत्व में ICARDA के कृषि अनुसंधान और टिकाऊ विकास प्रयासों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
डॉ. हद्दाद को कृषि अनुसंधान, संस्थागत नेतृत्व और सतत विकास का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उनकी विशेषज्ञता में शुष्क क्षेत्र कृषि, जैव विविधता, आनुवंशिक संसाधन, जलवायु अनुकूलन, जल प्रबंधन और टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियां शामिल हैं।
उन्होंने अब तक 150 से अधिक वैज्ञानिक शोध-पत्रों, पुस्तकों और तकनीकी प्रकाशनों में योगदान दिया है।महानिदेशक का पद संभालने वाले डॉ. निसार हद्दाद के सामने जलवायु परिवर्तन, जल संकट, भूमि क्षरण, जैव विविधता में कमी और खाद्य असुरक्षा जैसी चुनौतियां प्रमुख होंगी।शुष्क क्षेत्रों में कृषि अनुसंधान और सतत विकास का 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले डॉ. हद्दाद ने अनुसंधान, नीति और जमीनी क्रियान्वयन को जोड़कर किसानों व ग्रामीण समुदायों के लिए समाधान विकसित किए हैं।
ICARDA में आने से पहले वे सऊदी अरब में FAO के मिशन प्रमुख और कार्यक्रम निदेशक रहे, जहां उन्होंने कृषि-खाद्य प्रणालियों के परिवर्तन, जलवायु अनुकूलन और टिकाऊ संसाधन प्रबंधन पर काम किया। इससे पहले वे जॉर्डन के राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र (NARC) के महानिदेशक रहे और संस्थान की वैज्ञानिक क्षमता, रणनीतिक साझेदारी और संसाधन जुटाने को मजबूत किया।