गन्ना किसानों के लिए बड़ी खबर! 200 रुपये में मिलेगा नई किस्म का बीज, ऐसे करें बुकिंग – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: Sugarcane Seed: उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों के लिए नई किस्मों का बीज कम कीमत में लेने का मौका है. उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान, शाहजहांपुर ने को.शा. 19231 और को.शा. 23232 किस्मों के 3,000 मिनी सीड किट तैयार किए हैं. एक किट में गन्ने की 100 बड यानी आंखें होंगी और इसकी कीमत सिर्फ 200 रुपये रखी गई है. किसान ऑनलाइन बुकिंग करके यह किट ले सकते हैं. खास बात यह है कि एक किसान को अधिकतम एक ही किट दी जाएगी.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, गन्ना संस्थान की ओर से इस बार दो उन्नत किस्मों  के मिनी सीड किट उपलब्ध कराए जा रहे हैं. इनमें को.शा. 23232 के 2,000 किट और को.शा. 19231 के 1,000 किट शामिल हैं. प्रत्येक किट में 100 बड होंगी. यानी किसानों को कम कीमत में नई किस्म के गन्ने का बीज उपलब्ध कराया जाएगा. संस्थान का उद्देश्य इन नई किस्मों के बीज को ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाना है. सीमित संख्या में किट होने के कारण एक किसान को सिर्फ एक किट ही मिलेगी. इस पहल से करीब 3,000 किसानों को सीधे फायदा मिलने की उम्मीद है.

मिनी सीड किट लेने के लिए किसानों को ऑनलाइन बुकिंग करनी होगी. इसके लिए किसान enquiry.caneup.in पोर्टल पर जाकर अपना किसान कोड दर्ज कर सकते हैं. इसके बाद उपलब्ध किस्म के अनुसार किट की बुकिंग की जा सकेगी. बुकिंग के दौरान किसानों को 200 रुपये की फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी. इसका भुगतान UPI या कार्ड के जरिए किया जा सकता है. बुकिंग पूरी होने के बाद किसान को एक पंजीकरण नंबर मिलेगा. इस नंबर को संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि किट लेते समय इसकी जरूरत पड़ेगी.

ऑनलाइन बुकिंग कराने  वाले किसानों को उनके मोबाइल नंबर पर बीज वितरण की तारीख की जानकारी भेजी जाएगी. मैसेज मिलने के बाद किसान को तय तारीख पर उत्तर प्रदेश गन्ना संस्थान, शाहजहांपुर पहुंचना होगा. बीज वितरण के दौरान किसानों की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर और लाइन की व्यवस्था की जाएगी. पंजीकरण संख्या के आधार पर किसानों को अलग लाइन में लगाया जाएगा, जिससे किट वितरण की प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके.

किट लेने के लिए किसान  को अपना आधार कार्ड और ऑनलाइन बुकिंग के बाद मिला पंजीकरण नंबर साथ लेकर जाना होगा. वितरण केंद्र पर आधार कार्ड के जरिए किसान की पहचान की पुष्टि की जाएगी. इसके बाद किसान को टोकन दिया जाएगा. टोकन दिखाने के बाद किसान अपना मिनी सीड किट प्राप्त कर सकेंगे. संस्थान के मुताबिक, जिन किसानों को इस चरण में बुकिंग का मौका नहीं मिल पाएगा, उनके लिए फरवरी में दोबारा बीज वितरण का अवसर दिया जाएगा.

Share This Article