एग्रीवेट: भारतीय रसोई में घी खानपान में अधिक मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है, जिससे खाने को स्वाद भी और अधिक बढ़ जाता है और बाजारों में भी कई तरह के घी उपलब्ध हैं, लेकिन पारंपरिक तरीके से तैयार किया गया बिलोना घी अलग तरीके से तैयार किया जाता है, जो सेहत के लिए भी बेहद ही फायदेमंद माना जाता है. साथ ही आपको बता दे कि इस बिलोना वाले घी को बनाने के लिए घर में मौजूद दूध की मलाई से ही इसको आसानी से बनाया जा सकता है. आगे जानें पूरी विधि.
बिलोना घी बनाने की प्रक्रिया पारंपरिक मथनी यानी बिलोना से जुड़ी हुई है. सामान्य तरीके में मलाई या क्रीम को सीधे गर्म करके घी निकाला जा सकता है, जबकि पारंपरिक प्रक्रिया में पहले दूध या मलाई को दही में बदला जाता है. इसके बाद दही को मथकर मक्खन अलग किया जाता है और उसी मक्खन को गर्म करके घी तैयार किया जाता है.
घर पर बिलोना घी बनाने के लिए सबसे पहले करीब 4 से 5 दिनों की मलाई इकट्ठा कर लें. रोजाना दूध से निकलने वाली मलाई को साफ डिब्बे में रखकर फ्रिज में स्टोर करें. मलाई को कमरे के तापमान पर लंबे समय तक रखने के बजाय ठंडा रखना जरूरी है, ताकि वह खराब न हो, जब पर्याप्त मलाई इकट्ठी हो जाए तो उसे फ्रिज से निकालकर कुछ समय के लिए सामान्य तापमान पर आने दें. इसके बाद इसमें करीब आधा लीटर गर्म दूध मिलाया जा सकता है. दूध बहुत ज्यादा उबलता हुआ न हो, बल्कि इतना गर्म हो कि मिश्रण को दही जमाने में मदद मिले.
अब मलाई और गर्म दूध को अच्छी तरह मिला लें. इसमें थोड़ा सा जामन वाला दही डालकर पूरे मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं. इसके बाद बर्तन को ढककर करीब 6 से 7 घंटे के लिए किसी हल्की गर्म जगह पर रख दें और इस दौरान मिश्रण दही में बदल जाएगा. मौसम के तापमान के अनुसार दही जमने में थोड़ा कम या ज्यादा समय लग सकता है. खासकर ठंडे मौसम में इसे जमने में अधिक समय लग सकता है.
जब मलाई और दूध से तैयार दही अच्छी तरह जम जाए तो अगला महत्वपूर्ण चरण शुरू होता है. पारंपरिक तरीके में दही को लकड़ी की मथनी या बिलोना से मथा जाता है. आप चाहें तो घर में उपलब्ध मथनी का इस्तेमाल कर सकते हैं. मथने की प्रक्रिया के दौरान दही से धीरे-धीरे मक्खन अलग होकर ऊपर आने लगता है. मक्खन अच्छी तरह अलग हो जाए तो उसे सावधानी से निकाल लें.
गैस बंद करने के बाद घी को थोड़ा ठंडा होने दें. इसके बाद इसे साफ कपड़े या बारीक छलनी की मदद से छान लें, ताकि उसमें बचे ठोस कण अलग हो जाएं. अब तैयार घी को पूरी तरह ठंडा होने दें और फिर साफ, सूखे और एयरटाइट कांच के जार में भरकर रखें. इसी प्रक्रिया से आप घर पर बिलोना घी बना सकते हैं.