घर की छत पर गमले में उगाएं ड्रैगन फ्रूट, बेहतर ग्रोथ के लिए अपनाएं ये तरीका और चुनें ये शानदार किस्में – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: बाजारों में जिस तरह से सब्जियों और फलों में केमिकल युक्त सब्जियां-फल बेचे जा रहे हैं इससे लोगों की सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, जिस कारण अधिकतर लोग होम गार्डनिंग की ओर बढ़ रहे हैं और हरी सब्जियों के साथ फलों की पैदावार कर फ्रश फल सब्जी प्राप्त कर रहे हैं. अगर आपको तलाश है किसी ऐसे पौधे की जिससे भरपूर मात्रा में फल मिल सकें. ऐसे में ड्रैगन फ्रूट का पौधा आपके लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकता है.

अगर आप अपने घर की छत पर ड्रैगन फ्रूट उगाने का प्लान बना रहे हैं, तो सबसे पहले सही आकार का गमला या ग्रो बैग का चुनाव करें. इसके लिए आप कम से कम 15×15 इंच या 18×18 इंच का बड़ा गमला या ग्रो बैग लेकर आए, क्योंकि पौधा समय के साथ फैलता है, इसलिए छोटे कंटेनर में इसकी जड़ों को पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती है और पौधे की बढ़ोतरी भी तेजी से नहीं होती है.

ड्रैगन फ्रूट के लिए मिट्टी का वेल-ड्रेन होना सबसे जरूरी है. यानी पानी डालने के बाद वह लंबे समय तक मिट्टी में जमा न रहे. घर पर मिट्टी तैयार करने के लिए सामान्य मिट्टी के साथ जैविक खाद और रेत का इस्तेमाल किया जा सकता है. ऐसे में आप इस प्रकार मिट्टी मिश्रण तैयार करें- इसमें आप सामान्य मिश्रण के तौर पर 40 प्रतिशत सामान्य मिट्टी, 40 प्रतिशत अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट और 20 प्रतिशत रेत मिलाई जा सकती है, जिससे पौधों को बेहतर जल निकासी मिलेगी और मिट्टी में जैविक पदार्थ भी जो पौधों के लिए बेहद ही जरुरी है.

अगर आप ड्रैगन फ्रूट को कटिंग से उगाना चाहते हैं, तो हमेशा स्वस्थ और रोगमुक्त पौधे से कटिंग लें. करीब 6 से 8 इंच लंबी कटिंग ली जा सकती है. कटिंग काटने के तुरंत बाद उसे मिट्टी में लगाने के बजाय उसके कटे हुए हिस्से को कुछ समय सूखने देना बेहतर रहता है. इसके लिए कटिंग को करीब 2 से 3 दिन छांव में रखें. इससे कटे हुए हिस्से पर सतह सूखने में मदद मिलती है और रोपण के बाद सड़न का जोखिम कम हो सकता है. इसके बाद कटिंग को तैयार मिट्टी में करीब 1 से 1.5 इंच गहराई तक लगाया जा सकता है.

ड्रैगन फ्रूट कैक्टस परिवार का पौधा है, इसलिए इसे लगातार पानी की जरूरत नहीं होती. सबसे जरूरी बात यह है कि पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी न दिया जाए. साथ ही पानी देने से पहले मिट्टी की नमी जांच लें. जब ऊपर की मिट्टी अच्छी तरह सूख जाए, तभी जरूरत के अनुसार पानी दें. अगर गमले में पानी लंबे समय तक जमा रहता है, तो जड़ों के सड़ने की समस्या हो सकती है.

ड्रैगन फ्रूट का पौधा ऊपर और फिर आसपास फैलने लगता है. इसलिए इसे शुरुआत से ही मजबूत लोहे के डंडे, सीमेंट के खंभे या अन्य मजबूत सपोर्ट स्ट्रक्चर का सहारा देना चाहिए. इससे पौधे की शाखाओं को व्यवस्थित तरीके से बढ़ने में मदद मिलती है.

अगर आप अपने होम गार्डन में ड्रैगन फ्रूट उगाने की सोच रहे हैं तो यह आपके लिए बेहद ही उचित विकल्प साबित हो सकता है. ऐसे में आप अपने होम गार्डन में ये किस्में उगा सकते हैं, जिनमें रेड वियतनाम, अमेरिकन ब्यूटी, येलो ड्रैगन फ्रूट यह किस्में होम गार्डन के लिए बेहद ही खास किस्में है, जो सही देखभाल में तगड़ा उत्पादन देने में सक्षम किस्में हैं.

Share This Article