एग्रीवेट: 03 अक्टूबर 2026, उमरिया: उमरिया में जल्द शुरू होगी बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट, बलराम कृषि महोत्सव में सीएम मोहन यादव ने किया ऐलान – मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में जल्द ही एक बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट शुरू होगी। इससे जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उमरिया जिले में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने किसानों को नई कृषि तकनीक अपनाने, कृषि उपज का उचित मूल्य दिलाने और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों के कल्याण के लिए प्रदेश सरकार ने कृषक कल्याण वर्ष में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन करने के साथ कई जनहितैषी निर्णय लिए हैं। किसानों को नई तकनीक का लाभ दिया जा रहा है। उमरिया जिले के किसानों को उपज का समुचित मूल्य दिलाने के लिए नई कृषि तकनीक और खाद्य प्रसंस्करण को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में जल्द शुरू होने वाली बड़ी फूड प्रोसेसिंग यूनिट से युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को पंचायत स्तर पर दुग्ध संकलन समितियों के पंजीयन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से धान और श्रीअन्न फसलों के उपार्जन के लिए समय रहते पंजीयन कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर पंजीयन कराने से किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का लाभ मिलता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि इसी सीजन से किसानों को दिन में भी 10 घंटे बिजली मिलेगी। साथ ही जिला प्रशासन को किसान चौपाल आयोजित कर हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सेवा कार्य के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेश में सेवा से संकल्प अभियान चल रहा है। राज्य सरकार जिलों में जन विश्वास अभियान के माध्यम से भी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दे रही है। उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण आबादी क्षेत्र के अभिलेखों की नि:शुल्क रजिस्ट्री कराई जा रही है। किसानों को भी स्वामित्व योजना का लाभ मिल रहा है। संपत्ति की पक्की रजिस्ट्री मिलने के बाद हितग्राही इसका उपयोग बैंक लोन और अन्य आवश्यकताओं के लिए कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बलराम कृषि महोत्सव के दौरान उमरिया में उपस्थित मंत्री श्री नागर सिंह चौहान और पूर्व मंत्री सुश्री मीना सिंह से भी संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल और किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा भी उपस्थित रहे।