एग्रीवेट: 03 अक्टूबर 2026, भोपाल: अमित शाह आज भोपाल में, गौपालक सम्मेलन और IISER कार्यक्रम में होंगे शामिल – केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री निवास में तैयारियों की समीक्षा की। अमित शाह के भोपाल आगमन के दौरान राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे।
राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन का आयोजन भेल दशहरा मैदान में किया जाएगा। इसमें आसपास के जिलों की दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सम्मेलन में आने वाले सदस्यों के आवागमन और बसों की पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए। प्रत्येक जिले से आने वाली बसों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएं। व्यवस्थाओं में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी कंट्रोल रूम के माध्यम से आपसी समन्वय बनाए रखें।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर सफाई, पेयजल, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और फायर ब्रिगेड जैसी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने भोपाल शहर में निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
अमित शाह के भोपाल दौरे के दौरान भौंरी स्थित IISER (इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च) में भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह कार्यक्रम युवा पीढ़ी को प्रोत्साहित करने वाला होगा। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक बर्णवाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।