एग्रीवेट: 03 अक्टूबर 2026, सीहोर: सीहोर: सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के लिए 25 अक्टूबर तक आवेदन – मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार एवं बेस्ट (आत्मा) जिला पुरस्कार’’ हेतु पात्र एवं इच्छुक कृषकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, नवाचार एवं उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले कृषकों का निर्धारित मापदंडों के अनुसार मूल्यांकन कर पुरस्कार के लिए चयन किया जाएगा।
प्रत्येक विकासखंड से 5 उत्कृष्ट कृषकों का चयन कर 10 हजार रुपये प्रति कृषक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं जिला स्तर पर चयनित 10 उत्कृष्ट कृषकों को 25 हजार रुपये प्रति कृषक’’ की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
इच्छुक कृषक निर्धारित प्रारूप में आवश्यक अभिलेखों सहित अपना आवेदन संबंधित आत्मा कार्यालय अथवा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।