एग्रीवेट: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ करने जा रहे हैं. 16.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डेयरी प्लांट दुग्ध उत्पादों का उत्पादन बढ़ेगा. भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार यह डेयरी प्लांट रोजाना 40 हजार लीटर दूध को प्रॉसेस करेगा और उससे दही, घी समेत अन्य दूध उत्पाद तैयार किए जाएंगे. कहा जा रहा है कि इस डेयरी प्लांट के शुरू होने से स्थानीय पशुपालकों और डेयरी किसानों से दूध खरीद बढ़ाई जाएगी, जिससे किसानों को दूध का सही मूल्य मिलने का रास्ता भी साफ हो जाएगा.
मध्य प्रदेश राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन (MPCDF) के अनुसार केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार डेयरी प्लांट का 3 अक्टूबर को शुभारंभ करेंगे. भारत सरकार के 6 करोड़ रुपये के अनुदान तथा भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के 10.80 करोड़ रुपये के अंशदान से तैयार इस परियोजना की कुल लागत 16.80 करोड़ रुपये है. प्लांट की दूध प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है.
डेयरी में आधुनिक मशीनरी और तकनीक के जरिए विभिन्न मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे. परियोजना के अनुसार यहां प्रतिदिन 10 हजार लीटर दूध, 10 हजार लीटर दही और 30 हजार लीटर छाछ के उत्पादन की क्षमता होगी. इसके अलावा प्रतिदिन 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलोग्राम श्रीखंड और 1 हजार किलोग्राम मावा तैयार किया जा सकेगा. इस प्लांट के माध्यम से दूध से बनने वाले विभिन्न उत्पादों के उत्पादन को आधुनिक एवं व्यवस्थित प्रसंस्करण व्यवस्था से जोड़ा जाएगा. इससे सांची के मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों की उत्पादन क्षमता और विविधता को बढ़ाने में मदद मिलेगी.
राज्य दुग्ध संघ सांची ब्रांड से दूध उत्पादों की बिक्री करता है. फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी के संचालन से सांची के मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने में सहायता मिलेगी. आधुनिक प्रसंस्करण सुविधा के माध्यम से उपभोक्ताओं की जरूरतों के अनुरूप दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे उत्पादों का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा सकेगा. मूल्यवर्धन के माध्यम से दूध को विभिन्न उत्पादों में परिवर्तित कर उसकी उपयोगिता बढ़ाने के साथ दुग्ध प्रसंस्करण और मार्केटिंग की पूरी श्रृंखला को और मजबूत करने का अवसर मिलेगा. प्रबंध संचालक भोपाल सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित श्री जयदेव बिस्वास ने कहा कि फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट भोपाल दुग्ध संघ के लिए आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण और मूल्यवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.
भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में नए प्लांट के शुभारंभ के साथ ही दूध खरीद मात्रा भी बढ़ेगी. डेयरी किसानों और पशुपालकों से रोजाना दूध की खरीद बढ़ाई जाएगी. इसके साथ ही स्थानीय किसानों को नियमित और सही भाव के साथ अपना दूध बेचने की सहूलियत मिलेगी. इससे पशुपालन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय में भी बढ़ोत्तरी का रास्ता साफ हो जाएगा. इस नए प्लांट को दुध उत्पादों के उत्पादन के साथ ही डेयरी विकास और पशुपालन की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है.