मिर्च की खेती से बदली दतिया के किसान की किस्मत, सालभर में कमाए ₹20 लाख; जानिए कैसे बढ़ाई आमदनी – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 28 सितंबर 2026, भोपाल: मिर्च की खेती से बदली दतिया के किसान की किस्मत, सालभर में कमाए ₹20 लाख; जानिए कैसे बढ़ाई आमदनी – मध्यप्रदेश के दतिया जिले की ग्राम पंचायत लांच के किसान गब्बर केवट पिछले 17-18 वर्षों से खेती को अपनी आजीविका का प्रमुख साधन बनाए हुए हैं। कृषि विभाग से मिले मार्गदर्शन, आधुनिक कृषि तकनीकों और शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपनी खेती को बेहतर तरीके से विकसित किया। आज करीब 20 बीघा कृषि भूमि पर विभिन्न फसलों और सब्जियों की खेती कर रहे गब्बर केवट की प्रमुख फसल मिर्च है। पिछले वर्ष उन्होंने मिर्च की खेती से करीब ₹20 लाख का लाभ अर्जित किया।

किसान गब्बर केवट मिर्च की खेती में मौसम और बाजार की मांग को ध्यान में रखते हैं। बेहतर उत्पादन के साथ बाजार तक पहुंच पर भी उनका ध्यान रहता है। खेत में मिर्च के अलावा वे अलग-अलग प्रकार की सब्जियों और फसलों का उत्पादन करते हैं। इससे खेती में फसल विविधता बनी रहती है और बाजार की जरूरत के अनुसार उत्पादन करने का अवसर मिलता है। उनकी उत्पादित मिर्च डबरा, इंदरगढ़, दतिया सहित आसपास की विभिन्न मंडियों में बिकती है। बेहतर उत्पादन और बाजार तक पहुंच ने उनकी कृषि आय को मजबूत आधार दिया है।

गब्बर केवट की खेती सिर्फ उनके परिवार की आय का जरिया नहीं है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार भी उपलब्ध हो रहा है। खेती के विभिन्न कार्यों में करीब 10 से 15 श्रमिकों को रोजगार मिलता है। इस तरह उनकी कृषि गतिविधियां आसपास के ग्रामीण परिवारों के लिए भी आय का माध्यम बन रही हैं।

किसान गब्बर केवट बताते हैं कि खेती से होने वाली आय का सकारात्मक असर उनके पूरे परिवार पर पड़ा है। उनके परिवार में चार बच्चे हैं और सभी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे खेती को और विस्तार देना चाहते हैं, ताकि बच्चों को बेहतर से बेहतर शिक्षा दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बना सकें।

गब्बर केवट के अनुसार कृषि विभाग से मिलने वाली जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन ने खेती को बेहतर तरीके से करने में मदद की। शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों का लाभ भी उन्हें मिला। उनका मानना है कि आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण और सही कृषि मार्गदर्शन के जरिए किसान खेती से अपनी आय बढ़ाने के नए रास्ते तलाश सकते हैं।

गब्बर केवट ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन किसानों के लिए लगातार नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने अन्य किसानों से भी कृषि विभाग से संपर्क कर केंद्र और राज्य शासन की किसान हितैषी योजनाओं, तकनीकी मार्गदर्शन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेने की अपील की।

उनकी कहानी बताती है कि लंबे समय तक मेहनत, आधुनिक कृषि तकनीक, सही मार्गदर्शन, फसल विविधीकरण और बाजार तक बेहतर पहुंच के जरिए खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जा सकता है। कृषि विभाग की योजनाओं और तकनीकी जानकारी का पात्रतानुसार लाभ लेकर किसान उत्पादन बढ़ाने, लागत का बेहतर प्रबंधन करने और कृषि आय में वृद्धि के अवसर तलाश सकते हैं।

Share This Article