एग्रीवेट: तेलंगाना में किसानों के मुआवजे को लेकर अधिकारियों की लापरवाही सामने आई है. सरकार ने जमीन अधिग्रहण का पैसा जारी कर दिया, लेकिन अभी तक यह रकम प्रभावित किसानों तक नहीं पहुंची है. इस पर सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और मुआवजे की रकम जल्द किसानों के खातों में पहुंचाने के निर्देश दिए. दरअसल, सरकार ने प्रभावित किसानों को मुआवजा देने के लिए 813 करोड़ रुपये जारी किए थे, लेकिन यह रकम अभी तक किसानों तक नहीं पहुंची है. मंत्री ने सोमवार को जिला कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की. इसमें उन्होंने जमीन अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की समीक्षा की.
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्री ने जिला कलेक्टरों और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जमीन अधिग्रहण और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) के लिए जारी राशि जल्द से जल्द प्रभावित किसानों को दी जाए. उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि सरकार की ओर से जारी पैसा सरकारी खातों में पड़ा नहीं रहना चाहिए. मुआवजे की रकम किसानों तक पहुंचाने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए.
अधिकारियों ने बैठक में कहा कि 1 अप्रैल से अब तक करीब 3,101 करोड़ रुपये के टोकन जारी किए गए हैं. इनमें से करीब 2,504 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण और पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन (R&R) के लिए जारी किए जा चुके हैं. अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी करीब 813 करोड़ रुपये की राशि जिला स्तर पर लंबित है. इसमें करीब 502 करोड़ रुपये भूमि अधिग्रहण अधिकारियों (LAO) के पास और 311 करोड़ रुपये जिला कलेक्टरों के पास है.
सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने जिला कलेक्टरों को खुद हस्तक्षेप करने और जमीन अधिग्रहण से जुड़े मामलों में बातचीत तेज करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इससे मुआवजे का निर्धारण और भुगतान जल्द हो सकेगा. मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि अगर सरकार ने पैसा जारी कर दिया है तो वह किसानों तक पहुंचना चाहिए. अगर किसी उचित वजह से रकम बांटना संभव नहीं है, तो इसकी वजह बताई जाए और पैसा सरकार को वापस किया जाए. सरकारी खाते में रकम को बेवजह रोककर न रखा जाए.
इसी बीच खबर है कि तेलंगाना में पिछले तीन दिनों से मध्यम से तेज बारिश हो रही है, लेकिन इसके बावजूद राज्य में बारिश की कमी दूर नहीं हुई है. राज्य में इस मॉनसून सीजन में अब तक 20 फीसदी बारिश की कमी बनी हुई है. हाल की बारिश से उम्मीद थी कि बारिश की कमी घटकर करीब 10 फीसदी रह जाएगी. मौसम वैज्ञानिकों ने भी ऐसी संभावना जताई थी. लेकिन हवाओं की दिशा बदलने से डिप्रेशन तेलंगाना से दूर चला गया, जिससे उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हो सकी. ऐसे में किसानों को फसल नुकसान का भय सता रहा है.