एग्रीवेट: 21 सितंबर 2026, कटनी: कटनी के विनोद ने अपनाया फसल विविधीकरण का आधुनिक मॉडल, अब सालाना कमा रहे ₹4-5 लाख – खेती में परंपरागत अनुभव के साथ आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक सोच को अपनाकर कटनी जिले के ग्राम भैंसवाही के प्रगतिशील किसान विनोद कुमार मौर्य ने आधुनिक कृषि का मॉडल तैयार किया है। कैमोर क्षेत्र के रहने वाले विनोद मौर्य अपने करीब 10 एकड़ खेत में अलग-अलग फसलों की खेती कर रहे हैं। फसल विविधीकरण से उन्हें आय के अलग-अलग अवसर मिल रहे हैं और वे प्रतिवर्ष करीब ₹4-5 लाख की आय प्राप्त कर रहे हैं।
विनोद मौर्य अपने खेत में अदरक, बैंगन, सूरन और उड़द सहित विभिन्न फसलों की खेती कर रहे हैं। वे पारंपरिक कृषि पद्धतियों के साथ आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक विधियों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। अलग-अलग फसलों की खेती से उन्हें बाजार और मौसम से जुड़े जोखिमों को कम करने के साथ आय के कई अवसर मिल रहे हैं। कृषक ने बताया कि उन्हें कृषि को बेहतर बनाने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के अंतर्गत संचालित योजना का लाभ भी मिला है।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के तहत जिले में नवाचारों और जनहितकारी गतिविधियों का मैदानी स्तर पर अवलोकन किया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर और वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार ने भैंसवाही पहुंचकर विनोद मौर्य के खेत का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने खेत में लगी विभिन्न फसलों का अवलोकन करते हुए उत्पादन, कृषि प्रबंधन, फसल विविधीकरण और अपनाई जा रही आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी ली। कृषक ने अधिकारियों को खेती की प्रक्रिया और विभिन्न फसलों से मिलने वाले लाभ के बारे में बताया।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने कृषक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कृषि में आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक पद्धतियों का समावेश किसानों को अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ खेती की दिशा में आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रगतिशील किसानों के नवाचार और सफल प्रयोग अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी मॉडल बन सकते हैं। कलेक्टर ने फसल विविधीकरण और नवाचार आधारित कृषि पद्धति की सराहना करते हुए अन्य किसानों को भी आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।