Gold Rate: हफ्ते की शुरुआत में सोना सस्ता, दिल्ली में 24 कैरेट का भाव 1.55 लाख रुपये के करीब – एग्रीवेट

Team Agrivate
4 Min Read

एग्रीवेट: Gold-Silver Rate Today: सोने की कीमतों में पिछले हफ्ते तेजी देखने के बाद अब नए सप्ताह की शुरुआत गिरावट के साथ हुई है. सोमवार, 21 सितंबर की सुबह देश के कई बड़े शहरों में सोने के भाव नीचे आए. राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत गिरकर 1,55,980 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गई. हालांकि, इस गिरावट के बावजूद सोना अब भी ऊंचे स्तर पर बना हुआ है. पिछले सप्ताह अलग-अलग शहरों में 24 कैरेट सोने की कीमत में करीब 1,260 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई थी. इसी दौरान 22 कैरेट सोना भी करीब 1,150 रुपये तक महंगा हुआ.

21 सितंबर की सुबह दिल्ली में 22 कैरेट सोने का भाव 1,42,990 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट का भाव 1,55,980 रुपये रहा. मुंबई और कोलकाता में 22 कैरेट सोना 1,42,840 रुपये प्रति 10 ग्राम और 24 कैरेट सोना 1,55,830 रुपये प्रति 10 ग्राम पर है. चेन्नई, पुणे, बेंगलुरु और हैदराबाद में भी इसी के आसपास भाव दर्ज किया गया है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने की कीमतों में बीते सप्ताह तेजी रही. एक सप्ताह में ग्लोबल गोल्ड प्राइस करीब 1 प्रतिशत बढ़ा. 21 सितंबर की सुबह अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 4,390.11 डॉलर प्रति औंस के आसपास रहा. जानकारों के मुताबिक नए सप्ताह में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. हालांकि, यह एक सीमित दायरे में रहने की संभावना जताई जा रही है. बाजार की नजर अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में होने वाले बदलाव पर रहेगी. इसके अलावा पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव का असर भी सोने पर पड़ सकता है. ऐसे वैश्विक घटनाक्रमों के बीच निवेशक अक्सर सोने की कीमतों में होने वाले बदलाव पर नजर रखते हैं.

सोने के साथ चांदी के भाव में भी सोमवार को गिरावट देखने को मिली. 21 सितंबर की सुबह घरेलू बाजार में चांदी की कीमत घटकर 2,54,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. हालांकि, पिछले सप्ताह चांदी में अच्छी तेजी देखने को मिली थी और इसका भाव करीब 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट सिल्वर की कीमत 66.70 डॉलर प्रति औंस के आसपास रही.

इस साल जनवरी में घरेलू बाजार में चांदी की कीमत 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी. सोने और चांदी दोनों के भाव पर घरेलू मांग और बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय कीमतों, डॉलर, ब्याज दरों और वैश्विक घटनाक्रमों का भी असर पड़ता है.

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *