रोजाना 462 लाख लीटर दूध पी जाते हैं देशवासी, 8 करोड़ डेयरी किसानों ने 69 फीसदी उत्पादन बढ़ाया – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: दूध उत्पादन में बीते 10 सालों के दौरान 69 फीसदी से अधिक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है. इसकी वजह हैं देश के 8.5 करोड़ किसान परिवार जो पशुओं को पालकर दूध उत्पादन करते हैं. वहीं, रोजाना 462 लाख लीटर दूध देश की जनता इस्तेमाल करती है. इसके साथ ही उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य बना हुआ है. वहीं, भारत लगातार विश्‍व का सबसे बड़ा दुग्‍ध उत्पादक देश बना हुआ है.

केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने आज राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के मौके पर दूध उत्पादन और डेयरी सेक्टर पर फैक्टशीट जारी की है. इसके तहत भारत लगातार विश्‍व का सबसे बड़ा दुग्‍ध उत्पादक बना हुआ है, जो वैश्विक दुग्‍ध उत्पादन का लगभग एक-चौथाई योगदान देता है. देश के पोषण में दुग्‍ध का एक महत्वपूर्ण स्थान है. देश का दुग्‍ध उत्पादन 69.41 फीसदी बढ़ा, जो वर्ष 2014-15 में 146.31 मिलियन टन से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 247.87 मिलियन टन हो गया. यह उच्च गुणवत्ता वाले पशु प्रोटीन और आवश्यक पोषक तत्व, जैसे कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटैशियम प्रदान करता है, जो आसानी से अवशोषित होने वाले रूप में होते हैं.

देश में सबसे ज्यादा दुग्ध उत्पादन वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश 15.66 फीसदी योगदान के साथ पहले नंबर पर है. इसके बाद 14.82 फीसदी के साथ राजस्थान दूसरे स्थान पर और मध्य प्रदेश 9.12 फीसदी योगदान के साथ तीसरे नंबर पर है. गुजरात 7.78 फीसदी योगदान के साथ चौथे और महाराष्ट्र 6.71 दुग्ध उत्पादन हिस्सेदारी के साथ पांचवें नंबर पर है. ये पांच राज्य देश के कुल दुग्‍ध उत्पादन का 54.09 फीसदी योगदान देते हैं.

दूध उत्पादन से देश के 8.5 करोड़ किसान और ग्रामीण परिवार जुड़े हुए हैं. डेयरी सेक्टर की वजह से इन परिवारों की आजीविका में मजबूती आई है. महिलाएं दुग्‍ध उत्पादन और संग्रह में केंद्रीय भूमिका निभाती हैं. देश में प्रति व्यक्ति दुग्‍ध की उपलब्धता 52.03 फीसदी बढ़ी, जो वर्ष 2014-15 में प्रति व्यक्ति प्रति दिन 319 ग्राम थी, और वर्ष 2024-25 में 485 ग्राम हो गई है.

डेयरी सहकारी समितियां किसानों के लिए एक संगठित बाजार प्रदान करती हैं और दुग्‍ध की नियमित खरीद सुनिश्चित करने में मदद करती हैं. खरीद मूल्य सहकारी समितियों और अन्य डेयरी द्वारा उत्पादन लागत और बाजार की स्थितियों के आधार पर तय किए जाते हैं.

31 अक्टूबर 2026 तक के डेयरी सहकारी समितियों के आंकड़ों के अनुसार 690.90 लाख किलोग्राम प्रति दिन दुग्‍ध की खरीद की जाती है. जबकि, 462.95 लाख लीटर प्रति दिन तरल दुग्‍ध की बिक्री होती है, जो जनता इस्तेमाल करती है.

दुग्ध उत्पादन को नए स्तर पर ले जाने के लिए डेयरी सहकारी समितियों के गठन का लक्ष्य बढ़ाया गया है. साल 2028-29 तक गांवों और पंचायतों में 75,000 नई डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करना और 46,422 मौजूदा डेयरी सहकारी समितियों को मजबूत करना है. 2024 से 31 अक्टूबर 2026 तक 24,097 नई डेयरी सहकारी समितियां बनाई गईं हैं. 31,394 मौजूदा डेयरी सहकारी समितियों को मजबूत किया गया है.

Share This Article