गाय पालकों को 1 लाख रुपये तक के पुरस्कार, किसानों के लिए सहकारी बैंकों को 325 करोड़ मिलेंगे – एग्रीवेट

Team Agrivate
6 Min Read

एग्रीवेट: मध्य प्रदेश के किसानों और पशुपालकों को बड़ी राहत देने के लिए राज्य सरकार ने कई योजनाओं को मंजूरी दे दी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कैबिनेट ने 7 हजार करोड़ रुपये से अधिक की योजनाओं को मंजूरी दी है. इसमें गाय पालकों के लिए 1 लाख रुपये तक के पुरस्कार के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मंजूरी दी गई है. वहीं, देसी गायों का पालन करने को बढ़ावा देने के साथ ही दूध उत्पादन में बढ़ोत्तरी के लिए भी नई पहल शुरू की गई है.

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी है. प्रदेश में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और देशी गायों की उन्नत नस्लों को संरक्षण देने के लिए गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना को मंजूरी दी गई है. इसका उद्देश्य मध्य प्रदेश में दूध उत्पादन को दोगुने से अधिक बढ़ाकर राज्य को देश की मिल्क कैपिटल बनाना और गोपालकों की आमदनी बढ़ाना है. योजना के तहत गिर, साहीवाल, थारपारकर और मालवी जैसी देशी नस्लों की दुधारू गायों को बढ़ावा दिया जाएगा.

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत साल 2026-27 में 208 ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक चिन्हित वृंदावन ग्राम में प्रतियोगिता होगी. इसके बाद 2027-28 से प्रदेश के सभी 313 विकासखंडों में यह प्रतियोगिता कराई जाएगी. योजना में ऐसे गोपालक हिस्सा ले सकेंगे, जिनके पास भारतीय उन्नत देशी नस्ल की ऐसी दुधारू गाय है, जो प्रतिदिन कम से कम 6 लीटर दूध देती है. गाय के तीन समय के दुग्ध उत्पादन के औसत के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा. प्रत्येक वृंदावन ग्राम और विकासखंड में पहले स्थान पर आने वाले गोपालक को 1 लाख रुपये, दूसरे स्थान पर 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा.

कैबिनेट ने प्रदेश के 9 कमजोर जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए 325 करोड़ रुपये की अंशपूंजी सहायता मंजूर की है. इसमें रीवा, सतना, दतिया, शिवपुरी और जबलपुर के जिला सहकारी बैंकों को 25-25 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि रायसेन, मुरैना, सागर और सीधी के बैंकों को 50-50 करोड़ रुपये की सहायता मिलेगी. इससे इन बैंकों की वित्तीय स्थिति में सुधार होगा और सहकारी व्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही किसानों की वित्तीय जरूरत पूरी करने में तेजी आएगी.

बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के लंबित चुनावों की अवधि एक साल बढ़ाने का फैसला लिया गया है. सरकार का कहना है कि कई ग्राम पंचायतों में नई समितियों के गठन और उनके कामकाज की प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हुई है. ऐसे में चुनाव कराने से प्रशासनिक और कानूनी दिक्कतें आ सकती थीं. कैबिनेट ने 1,834 बसाहटों के 46 हजार से अधिक बिजली से वंचित घरों और 54 सरकारी संस्थानों में बिजली पहुंचाने के लिए 193.72 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को भी मंजूरी दी है.

Share This Article