एग्रीवेट: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार यानी 25 नवंबर को देश के 8 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश और आंधी-तूफान का पूर्वानुमान जारी किया है. आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी आशंका है. वहीं, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है. इनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल हैं. इससे सुबह के समय दृश्यता कम हो सकती है. वहीं, पूर्वी हवाओं के असर से दक्षिण भारत में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. IMD के अनुसार, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 25 से 28 नवंबर के बीच गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है.
किसान ने बेटी के तिलक कार्यक्रम के अगले दिन दी जान, शादी के लिए लिया था लाखों का कर्ज, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान – एग्रीवेट
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की गति बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. वहीं, केरल और माहे में 27 नवंबर तक रुक-रुककर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. इसके अलावा, कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है. वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के साथ लक्षद्वीप में भी बारिश होने की संभावना है.
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को दिल्ली में मौसम सामान्य रूप से साफ रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्की धुंध छाई रह सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. वहीं, पंजाब में बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. हालांकि, मौसम विभाग ने 25 से 27 नवंबर तक राज्य के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाने की चेतावनी दी है. इसके कारण सुबह और रात के समय सड़कों और रेल मार्गों पर आवाजाही प्रभावित हो सकती है. कोहरे की वजह से वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है. राज्य में बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, 25 और 26 नवंबर को कुछ इलाकों में घना कोहरा छा सकता है. वहीं, उत्तर प्रदेश में भी बुधवार को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, 25 से 30 नवंबर के बीच कई जिलों में हल्की से घनी धुंध छा सकती है.
बिहार में भी 25 नवंबर को मौसम साफ रहने की उम्मीद है. मौसम विभाग ने राज्य में बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है. हालांकि, 25 से 30 नवंबर के बीच तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है. इससे ठंड बढ़ने की संभावना है. इसके अलावा, उत्तराखंड में भी मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है.
मौसम विभाग ने बारिश की संभावना वाले इलाकों के किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सलाह दी है. तमिलनाडु के किसानों को धान के खेतों से पानी निकालने की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि ज्यादा बारिश से फसल को नुकसान न पहुंचे. वहीं, किसानों को सलाह दी गई है कि फसल कटाई के बाद उपज को सुरक्षित और सूखी जगह पर रखें. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के किसानों को भी इसी तरह की सलाह दी गई है.