एग्रीवेट: भारत में चीनी वर्ष 2026-27 के दौरान चीनी का शुद्ध उत्पादन बढ़कर 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन तक पहुंच सकता है. रेटिंग एजेंसी इक्रा (ICRA) के अनुमान के मुताबिक, चीनी वर्ष 2025-26 में उत्पादन करीब 2.76 करोड़ मीट्रिक टन रहा था. इस दौरान करीब 30 लाख टन चीनी का इस्तेमाल इथेनॉल बनाने में किया गया था. इक्रा के मुताबिक, 2026-27 में इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का इस्तेमाल नहीं होने का अनुमान है. इससे बाजार में उपलब्ध चीनी की मात्रा बढ़ सकती है. वहीं, देश में चीनी की खपत करीब 2.83 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है.
रिपोर्ट के अनुसार, चीनी वर्ष 2026-27 के अंत तक देश में चीनी का बचा हुआ स्टॉक 35 से 45 लाख मीट्रिक टन रह सकता है. इसमें 10 लाख मीट्रिक टन चीनी के आयात की मंजूरी को भी शामिल किया गया है. इसके मुकाबले चीनी वर्ष 2025-26 के अंत में स्टॉक करीब 48 लाख मीट्रिक टन रहने का अनुमान है. इक्रा के मुताबिक, चीनी का अनुमानित स्टॉक देश की दो महीने से भी कम की खपत के लिए पर्याप्त होगा. यह पिछले वर्षों के सामान्य स्तर यानी दो से तीन महीने के स्टॉक से कम है. वहीं, इथेनॉल सप्लाई वर्ष 2026-27 के पहले महीने में देश में 13 लाख मीट्रिक टन चीनी का उत्पादन हुआ. यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले चार गुना से भी ज्यादा है. इक्रा का मानना है कि इथेनॉल बनाने के लिए चीनी के इस्तेमाल पर रोक से घरेलू बाजार में इसकी उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलेगी.
किसानों को सूखा राहत की दूसरी किस्त कब मिलेगी? डिप्टी सीएम टाल गईं सवाल.. ट्रैक्टर मार्च की चेतावनी – एग्रीवेट
इस बीच, नवंबर 2026 में देश के प्रमुख बाजारों में चीनी की कीमतों में और बढ़ोतरी दर्ज की गई. इक्रा के मुताबिक, त्योहारों के दौरान मांग बढ़ने और उत्तर प्रदेश में उत्पादन धीमा रहने से कीमतों को सहारा मिला. महाराष्ट्र में चीनी का भाव अक्टूबर के 49.1 रुपये प्रति किलो से बढ़कर नवंबर में 51.4 रुपये प्रति किलो हो गया. वहीं, उत्तर प्रदेश में कीमत 51.1 रुपये से बढ़कर 54.8 रुपये प्रति किलो पहुंच गई. इसके चलते देश में चीनी का औसत भाव भी अक्टूबर के 51 रुपये से बढ़कर नवंबर में 54.7 रुपये प्रति किलो हो गया.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अक्टूबर 2026 के दौरान चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई. इक्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, कच्ची चीनी का भाव अक्टूबर 2025 के 343 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 445 डॉलर प्रति मीट्रिक टन हो गया. सितंबर 2026 में इसकी कीमत 395 डॉलर प्रति मीट्रिक टन थी. इसी तरह, सफेद चीनी की कीमत भी अक्टूबर 2025 के 440 डॉलर प्रति मीट्रिक टन से बढ़कर अक्टूबर 2026 में 540 डॉलर प्रति मीट्रिक टन पहुंच गई.
सितंबर 2026 में इसका भाव 519 डॉलर प्रति मीट्रिक टन था. हालांकि, कच्ची और सफेद चीनी की कीमतों के बीच का अंतर अक्टूबर 2025 के 97 डॉलर से घटकर अक्टूबर 2026 में 94 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह गया. वहीं, इथेनॉल के मोर्चे पर भारत में चीनी वर्ष 2025-26 के दौरान पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने की दर 20 फीसदी पर बनी रही. इक्रा के मुताबिक, इस सप्लाई वर्ष में तेल कंपनियों को 1,089 करोड़ लीटर से ज्यादा इथेनॉल की आपूर्ति की गई. इसमें अक्टूबर 2026 के दौरान 102 करोड़ लीटर इथेनॉल की सप्लाई शामिल है.