मध्य प्रदेश की खेती में डिजिटल क्रांति: एग्रीस्टैक के प्रभावी उपयोग के लिए बनी विशेष समिति – एग्रीवेट

Team Agrivate
5 Min Read

एग्रीवेट: 23 नवंबर 2026, भोपाल: मध्य प्रदेश की खेती में डिजिटल क्रांति: एग्रीस्टैक के प्रभावी उपयोग के लिए बनी विशेष समिति – मध्यप्रदेश में खेती-किसानी से जुड़े डिजिटल डेटा (एग्रीस्टैक) को 100 फीसदी पूरा करने और उसके बेहतर इस्तेमाल के लिए राज्य सरकार ने कमर कस ली है। शासन ने इसके लिए कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) की अध्यक्षता में एक राज्य स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है।सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, यह समिति एग्रीस्टैक के तहत ऐसे नए और व्यावहारिक तरीकों  की पहचान करेगी, जिन्हें प्रदेश भर में बड़े पैमाने पर लागू किया जा सके।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी किसानों और उनकी ज़मीन का डेटा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह दर्ज करना है। डेटा के शत-प्रतिशत अपडेट होने से किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ, फसल बीमा, खाद-बीज की उपलब्धता और कृषि ऋण जैसी सुविधाएं बिना किसी कागजी उलझन के सीधे मिल सकेंगी।

टास्क फोर्स में किसान कल्याण एवं कृषि विकास, राजस्व, सहकारिता, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण, वित्त, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, पशुपालन एवं डेयरी, मत्स्य पालन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहित विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव सदस्य होंगे।साथ ही कृषि से सम्बंधित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी समिति में शामिल किए गए हैं। संचालक, कृषि समिति के सदस्य-सचिव होंगे।

टास्क फोर्स एग्रीस्टैक में उपलब्ध किसानों और खेती से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन करेगी। इससे यह पता लगाया जाएगा कि किसानों की समस्याओं को हल करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं देने के लिए इन आंकड़ों का उपयोग कैसे किया जा सकता है। साथ ही, डेटा की उपलब्धता और उसकी सही जानकारी की जांच की जाएगी।

इसके आधार पर ऐसी डिजिटल सेवाएं विकसित करने के प्रस्ताव तैयार किए जाएंगे, जिनसे किसानों को खेती से जुड़ी जरूरी जानकारी और सुविधाएं मिल सकें। हर प्रस्ताव में यह बताया जाएगा कि सेवा किन किसानों के लिए होगी, इसमें किस जानकारी का उपयोग किया जाएगा, इसे कौन लागू करेगा और इससे किसानों को क्या लाभ मिलेगा। पहले छोटे स्तर पर इसका परीक्षण किया जाएगा और सफल होने पर इसे बड़े स्तर पर लागू किया जाएगा।

Share This Article